परिसीमन बिल पर DMK का बड़ा ऐलान,मोदी सरकार को मिला 22 सांसदों का समर्थन
परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर DMK ने समर्थन का ऐलान तो कर दिया, लेकिन इसके साथ ऐसी शर्तें रख दीं, जिन पर अब सबकी नजरें टिकी हैं। आखिर तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व को लेकर पार्टी क्यों नहीं करना चाहती कोई समझौता
डीएमके ने परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। पार्टी नेता दयानिधि मारन ने ऐलान किया है कि DMK संसद में नए परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। हालांकि, पार्टी ने इसके साथ कुछ शर्तें भी रखी हैं। इन शर्तों का मकसद लोकसभा में तमिलनाडु के मौजूदा प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखना है। DMK की दो प्रमुख मांगें हैं। पहली, लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.2 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार रखी जाए। दूसरी, 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों को मिली लोकसभा सीटों का अनुपात अगले 25 साल तक नहीं बदला जाए। पार्टी का मानना है कि केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा। इन सुरक्षा उपायों को संविधान संशोधन के जरिए शामिल करना जरूरी है, ताकि भविष्य में इन्हें आसानी से बदला न जा सके।
2027 की जनगणना को लेकर क्यों है चिंता
DMK को आशंका है कि 2027 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होने वाला परिसीमन तमिलनाडु के लोकसभा प्रतिनिधित्व को प्रभावित कर सकता है। पार्टी चाहती है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद भी राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रहे। एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में हुई लोकसभा सांसदों की बैठक में पार्टी ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया। ऐसे में DMK का समर्थन मिलने के बावजूद परिसीमन विधेयक पर संवैधानिक सुरक्षा से जुड़ी शर्तें अहम बनी हुई हैं।
लोकसभा सीटें बढ़ाने पर DMK को ऐतराज नहीं
DMK का कहना है कि उसे संसद में सांसदों की कुल संख्या बढ़ाए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है। पार्टी की असली चिंता यह है कि परिसीमन के बाद तमिलनाडु की राजनीतिक हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। सूत्र के मुताबिक अगर केंद्र सरकार लोकसभा की सीटें बढ़ाने का फैसला करती है, तो तमिलनाडु को मिलने वाला मौजूदा प्रतिनिधित्व भी उसी अनुपात में सुरक्षित रखा जाना चाहिए। जब पार्टी से पूछा गया कि क्या इस फॉर्मूले से उन उत्तरी राज्यों को ज्यादा फायदा मिल सकता है, जहां जनसंख्या वृद्धि पर दक्षिणी राज्यों की तरह नियंत्रण नहीं रहा है, तो सूत्र ने कहा कि फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता तमिलनाडु के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की रक्षा करना है।
परिसीमन में BJP को फायदा मिलने की आशंका पर क्या बोली DMK
वहीं, कांग्रेस पहले ही परिसीमन प्रक्रिया को लेकर चिंता जता चुकी है। पार्टी को आशंका है कि BJP निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन इस तरह कर सकती है, जिससे उसे राजनीतिक फायदा मिले। हालांकि, DMK के सूत्रों का कहना है कि प्रस्तावित फॉर्मूले में दक्षिणी राज्यों के लिहाज से उन्हें फिलहाल ऐसी कोई समस्या नजर नहीं आती।
परिसीमन पर स्टालिन की दो टूक
#WATCH | Chennai, Tamil Nadu: On the Delimitation Bill, DMK MP P Wilson says, "As far as the DMK is concerned, our leader, MK Stalin, was the first person to sensitise the entire nation that there should be a fair delimitation for all the states... The consistent stand of our leader is that the state should not lose its percentage of representation, and population-based delimitation cannot be accepted at all. The reason is that states like Tamil Nadu have been following family planning and kept the population growth under control. So therefore, when the state has scrupulously followed the central government's policies like family planning, the one which earlier was given that is freezing for about 50 years, the same should be extended and the census data should be on the basis of 1971. This was the consistent stand of our leader, and yesterday he tweeted his two conditions. One is that the state's existing representation, or the percentage of 7.18, should not be changed. Number two is that there should be a freezing of delimitation on the basis of census for another 25 years..."
— ANI (@ANI) November 28, 2026
शुक्रवार को एम.के. स्टालिन ने एक बार फिर परिसीमन को लेकर DMK का रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन से दक्षिणी राज्यों को होने वाले संभावित नुकसान का मुद्दा उन्होंने काफी पहले उठाया था। इसके लिए चेन्नई में एक सम्मेलन भी आयोजित किया गया था, जिसमें उन्होंने दूसरे प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर साझा मोर्चा बनाने की कोशिश की थी। स्टालिन ने साफ किया कि तमिलनाडु के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उनकी मांग है कि लोकसभा में राज्य की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी बरकरार रखी जाए। साथ ही, राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 साल तक नहीं बदला जाए। स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए कहा, "हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और किसी भी तरह के समझौते का तो सवाल ही नहीं उठता।"
Falak Abdeen 