Rajasthan Crime News: जयपुर में महिला से बदसलूकी करने वाले नशेड़ी ऑटो ड्राइवर की चप्पलों से पिटाई, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Rajasthan Crime News: जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के पास नशे में धुत ऑटो चालक ने बुजुर्ग महिला को थप्पड़ मारा। महिला ने चप्पल से पिटाई की, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में महिला से बदसलूकी करने के मामले में एक ऑटो ड्राइवर की पिटाई का मामला सामने आया है। शनिवार, 28 नवंबर को दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के पास नशे में धुत ऑटो चालक ने रास्ते से गुजर रही एक बुजुर्ग महिला पर अश्लील कमेंट किए और विरोध करने पर उसे थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साई महिला ने अपनी चप्पल उतारकर ड्राइवर की पिटाई कर दी। घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया।
विरोध करने पर महिला को मारा थप्पड़
शिप्रापथ थाना प्रभारी हितेश शर्मा के अनुसार, शनिवार दोपहर दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के पास एक ऑटो चालक अपना ऑटोरिक्शा लेकर खड़ा था। आरोप है कि शराब के नशे में धुत चालक ने वहां से गुजर रही बुजुर्ग महिला पर अश्लील टिप्पणी की।
महिला ने जब इसका विरोध किया तो चालक ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद महिला ने अपनी चप्पल उतारकर ऑटो चालक की पिटाई कर दी।
लोगों ने भी की ऑटो चालक की पिटाई
महिला के साथ अभद्रता की जानकारी मिलने पर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने भी ऑटो चालक की पिटाई कर दी। घटना के कारण वहां हंगामे की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर शिप्रापथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नशे की हालत में मिले ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया और उसका ऑटोरिक्शा जब्त कर लिया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
saloni 