Bisleri Water: Bisleri के पानी में क्या मिला केस चलाने की मंजूरी के बाद कंपनी पर क्या होगी कार्रवाई

बिसलेरी के पानी में आखिर ऐसा क्या मिला कि FSSAI ने कंपनी पर केस चलाने की मंजूरी दे दी? जांच में क्या सामने आया, कंपनी ने क्या सफाई दी और अब उस पर कितनी बड़ी कार्रवाई हो सकती है? जानिए इस पूरे विवाद की पूरी कहानी।

Bisleri Water: Bisleri के पानी में क्या मिला केस चलाने की मंजूरी के बाद कंपनी पर क्या होगी कार्रवाई

देश में पैकेज्ड पानी के बड़े ब्रांड्स में शामिल बिसलेरी अब कानूनी मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की लैब जांच में कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक नमूना असुरक्षित पाया गया है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है। इस कार्रवाई के बाद कई सवाल उठने लगे हैं। आखिर बिसलेरी के पानी में ऐसा क्या पाया गया, जिसे सुरक्षा मानकों के खिलाफ माना गया? कंपनी ने इस मामले पर क्या सफाई दी है और अब उसके खिलाफ किस तरह की कानूनी कार्रवाई हो सकती है? साथ ही, अमेरिका जैसे देशों में खाद्य और पेय पदार्थों में गड़बड़ी मिलने पर क्या कदम उठाए जाते हैं? इस एक्सप्लेनर में जानेंगे कि भारतीय बाजार में बिसलेरी की कितनी पकड़ है और इस पूरे मामले का कंपनी पर क्या असर पड़ सकता है।

पहले जानें- बिसलेरी के पानी की जांच में क्या-क्या मिला

1. ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली- प्रारंभिक लैब जांच में बिसलेरी के पैकेज्ड पानी के एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाई गई। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, पानी में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जबकि इसकी अधिकतम निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। इस आधार पर नमूने को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।

2. दोबारा जांच में PAH की मौजूदगी की पुष्टि- कंपनी की ओर से शुरुआती जांच के नतीजों पर अपील किए जाने के बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। हालांकि, दूसरी जांच में भी नमूना सुरक्षित नहीं पाया गया। रेफरल लैब ने पानी में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी की पुष्टि की।

विवाद पर बिसलेरी ने क्या दी सफाई

बिसलेरी ने अपने पानी को पूरी तरह सुरक्षित बताते हुए कहा कि कंपनी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से ज्यादा गुणवत्ता जांच करती है। कंपनी के मुताबिक, यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। कंपनी ने बताया कि FSSAI की ओर से लिए गए छह नमूनों में से पांच तय मानकों पर खरे उतरे थे। केवल एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी। बिसलेरी का दावा है कि बाद में रेफरल लैब और एक अन्य स्वतंत्र लैब में जांच के दौरान ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया, हालांकि रेफरल लैब ने PAH की मौजूदगी दर्ज की।

ब्रोमेट कितना खतरनाक हो सकता है

ब्रोमेट को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता इसके लंबे समय तक संपर्क में रहने से जुड़ी है। लगातार अधिक मात्रा में ब्रोमेट के संपर्क में रहने से कैंसर का जोखिम बढ़ने की आशंका जताई जाती है। इसके अलावा किडनी और नर्वस सिस्टम पर भी इसका असर पड़ सकता है। इसी खतरे को देखते हुए पीने के पानी में इसकी मात्रा सीमित रखी जाती है। अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) ने पेयजल में ब्रोमेट की अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर निर्धारित की है।

भारतीय बाजार में कितनी मजबूत है बिसलेरी की पकड़

भारत में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का बाजार काफी प्रतिस्पर्धी है और इसमें बिसलेरी की बड़ी हिस्सेदारी मानी जाती है। हालांकि, कंपनी को कई बड़े ब्रांड्स से मुकाबला करना पड़ता है। इनमें कोका-कोला की किनले, पेप्सिको की एक्वाफिना, रेल नीर, बेली और हिमालयन जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रीय और स्थानीय ब्रांड भी बाजार में अपनी जगह बनाए हुए हैं।