सर्दियों में मॉर्निंग वॉक करना सही या गलत,सुबह की सैर से सेहत पर पड़ता है कैसा असर, जानें
सर्दियों में सुबह की सैर सेहत के लिए फायदेमंद है या नुकसानदायक? ठंड, कोहरा और प्रदूषण आपकी सेहत पर कैसे डाल सकते हैं असर? जानिए मॉर्निंग वॉक का सही समय और जरूरी सावधानियां।
सर्दियों की शुरुआत के साथ ही सुबह का मौसम बदलने लगता है। ठंडी हवाएं और गिरता तापमान लोगों को सुबह बिस्तर छोड़ने से रोकने लगते हैं। ऐसे में रोजाना मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों के मन में भी सवाल उठता है कि क्या इतनी ठंड में सुबह टहलने के लिए बाहर निकलना सही है या इससे सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है? कुछ लोगों के लिए सुबह की सैर फिटनेस का जरूरी हिस्सा होती है, तो वहीं कई लोग ठंड और कोहरे के डर से बाहर निकलने से बचते हैं। हालांकि, सर्दियों में टहलना सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इसके लिए सही समय और सावधानियां अपनाना जरूरी है। दरअसल, बहुत ज्यादा ठंड, घना कोहरा और खराब एयर क्वालिटी सुबह की सैर को जोखिम भरा बना सकते हैं। ऐसे मौसम में बाहर टहलने से सांस संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसके बजाय धूप निकलने के बाद या तापमान थोड़ा सामान्य होने पर वॉक करना बेहतर रहता है। अगर आप भी सर्दियों में मॉर्निंग वॉक करते हैं या इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहते हैं, तो जानना जरूरी है कि ठंड में टहलने से शरीर को क्या फायदे मिलते हैं, किन परिस्थितियों में नुकसान हो सकता है और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
सुबह की सैर से सेहत को मिलते हैं कई फायदे
रोजाना कुछ देर पैदल चलना शरीर को फिट और एक्टिव रखने का आसान तरीका है। नियमित वॉक से वजन संतुलित रखने में मदद मिलती है। साथ ही, यह ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने और दिल को स्वस्थ बनाए रखने में भी फायदेमंद हो सकती है। इतना ही नहीं, सुबह टहलने से तनाव कम करने और दिनभर मूड बेहतर बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
कड़ाके की ठंड में सुबह टहलना क्यों हो सकता है जोखिम भरा
बहुत ज्यादा ठंड में सुबह जल्दी टहलने से कुछ लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। ठंड के कारण शरीर की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने की आशंका रहती है। खासकर हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। इसके अलावा, बिना वार्मअप किए अचानक तेज चलना या एक्सरसाइज शुरू करना भी शरीर पर दबाव डाल सकता है।
क्या सर्दियों में सुबह टहलना सेहत के लिए फायदेमंद है
सर्दियों में सुबह की सैर करना पूरी तरह गलत नहीं है। स्वस्थ लोगों के लिए नियमित वॉक अच्छी आदत हो सकती है। इससे शरीर एक्टिव रहता है और दिल की सेहत, मांसपेशियों की मजबूती के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी फायदा मिलता है। हालांकि, जब ठंड बहुत ज्यादा हो तो सुबह जल्दी बाहर निकलने से बचना चाहिए। बेहतर होगा कि तापमान थोड़ा बढ़ने और मौसम अनुकूल होने के बाद ही टहलने जाएं।
कोहरे और प्रदूषण में मॉर्निंग वॉक करना कितना सुरक्षित
सर्दियों में सुबह के वक्त कोहरा छाने के साथ कई शहरों में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ जाता है। ऐसे में सुबह टहलने के लिए बाहर निकलना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। प्रदूषित हवा में मौजूद बारीक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं और सांस से जुड़ी परेशानियां बढ़ा सकते हैं। इसलिए वॉक पर जाने से पहले अपने इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) जरूर जांच लें। अगर हवा की गुणवत्ता खराब है, तो बाहर जाने के बजाय घर के अंदर टहलना या हल्की एक्सरसाइज करना बेहतर रहेगा।
सर्दियों में किस समय टहलना रहता है बेहतर
ठंड के दिनों में सुबह-सुबह तापमान काफी कम रहता है, इसलिए बहुत जल्दी वॉक पर जाने से बचना चाहिए। कोशिश करें कि धूप निकलने के बाद या जब मौसम थोड़ा गर्म हो जाए, तभी टहलने निकलें। हालांकि, वॉक का सही समय हर शहर में अलग हो सकता है। इसलिए बाहर निकलने से पहले तापमान, कोहरे और प्रदूषण के स्तर को ध्यान में रखना जरूरी है।
सर्दियों में मॉर्निंग वॉक पर जाने से पहले इन बातों का रखें ख्याल
ठंड के मौसम में सुबह टहलने निकलते समय कुछ छोटी-छोटी सावधानियां बरतना जरूरी है। इससे शरीर को ठंड से बचाने के साथ वॉक को सुरक्षित भी बनाया जा सकता है।
- ठंड से बचने के लिए गर्म और आरामदायक कपड़े पहनें।
- वॉक शुरू करने से पहले कुछ मिनट हल्की एक्सरसाइज या वार्मअप करें।
- शुरुआत धीमी चाल से करें और फिर धीरे-धीरे गति बढ़ाएं।
- शरीर में पानी की कमी न होने दें और पर्याप्त पानी पीते रहें।
- गीले और फिसलन भरे रास्तों पर चलने से बचें।
- घना कोहरा या प्रदूषण ज्यादा होने पर बाहर टहलने न जाएं।
किन लोगों को ठंड में मॉर्निंग वॉक करते समय ज्यादा सतर्क रहना चाहिए
सर्दियों में हर किसी के लिए सुबह की सैर एक जैसी सुरक्षित नहीं होती। खासकर दिल की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर, अस्थमा या सांस से जुड़ी समस्याओं से परेशान लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे लोगों के लिए वॉक का समय और तरीका तय करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर है। इसके अलावा, टहलते समय अगर सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, चक्कर या अचानक कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत चलना बंद कर दें। लक्षण गंभीर हों या बने रहें तो बिना देर किए चिकित्सकीय मदद लें।
Falak Abdeen 