फेंगशुई टिप्स: पैसों की तंगी से पाना है छुटकारा? घर और ऑफिस में इस जगह रखें चीनी सिक्के

चीनी सिक्कों को धन और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। फेंगशुई के अनुसार, इन्हें घर या ऑफिस में किस जगह रखने से खुल सकते हैं तरक्की के रास्ते? जानें सही दिशा और नियम।

फेंगशुई टिप्स: पैसों की तंगी से पाना है छुटकारा? घर और ऑफिस में इस जगह रखें चीनी सिक्के

फेंगशुई में घर की चीजों को सही जगह और दिशा में रखने को काफी अहम माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और सुख-समृद्धि आती है। इसी तरह चीनी सिक्कों को भी धन, सौभाग्य और तरक्की का प्रतीक माना जाता है। गोल आकार और बीच में चौकोर छेद वाले इन सिक्कों को लाल धागे में बांधकर रखा जाता है। ऐसी मान्यता है कि इन्हें घर या ऑफिस में सही जगह रखने से आर्थिक उन्नति के नए रास्ते खुल सकते हैं। आइए जानते हैं इन सिक्कों का महत्व और इन्हें रखने की शुभ दिशा।

घर में किस जगह रखें फेंगशुई के चीनी सिक्के

फेंगशुई की मान्यताओं के अनुसार, चीनी सिक्कों को घर में इन जगहों पर रखना शुभ माना जाता है-

- मुख्य दरवाजे पर: घर के मुख्य दरवाजे पर लाल धागे में बंधे चीनी सिक्के या उनसे बने विंड चाइम लगाने की मान्यता है। माना जाता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा और सौभाग्य आता है।

- बिस्तर के नीचे: कुछ लोग बिस्तर के नीचे भी चीनी सिक्के रखते हैं। मान्यता है कि इससे घर में धन-संपत्ति और सुख-समृद्धि बनी रहती है।

- दक्षिण-पूर्व दिशा: फेंगशुई में इस दिशा को धन और आर्थिक समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। इसलिए यहां चीनी सिक्के रखना शुभ माना जाता है।

- मुख्य दरवाजे से बाईं ओर: घर में प्रवेश करते समय बाईं तरफ के आखिरी कोने को भी धन और समृद्धि का क्षेत्र माना जाता है। यहां सिक्के रखने की सलाह दी जाती है।

करियर में तरक्की के लिए ऑफिस में कहां रखें चीनी सिक्के

फेंगशुई में ऑफिस की जगह को करियर और सफलता से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि काम करने वाली टेबल पर लाल या पीले धागे में बंधे चीनी सिक्के रखने से सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। इसके अलावा इन्हें तिजोरी, कैश बॉक्स या जरूरी दस्तावेजों के पास भी रखा जा सकता है। माना जाता है कि इससे करियर में तरक्की, नए अवसर और आर्थिक लाभ के रास्ते खुलते हैं।

कितने चीनी सिक्के रखना माना जाता है शुभ

तीन चीनी सिक्के

फेंगशुई में तीन सिक्कों को धन, सौभाग्य और तरक्की का प्रतीक माना जाता है। मान्यता के अनुसार, इन्हें लाल धागे में बांधकर पर्स या ऑफिस की टेबल पर रखने से आर्थिक उन्नति के रास्ते खुलते हैं।

छह चीनी सिक्के

छह सिक्कों को सौभाग्य और दूसरों से मिलने वाले सहयोग से जोड़कर देखा जाता है। फेंगशुई की मान्यताओं के अनुसार, इन्हें घर की उत्तर-पश्चिम दिशा में रखने से करियर में नए अवसर मिलते हैं और कामकाज में लोगों का साथ मिलता है।

चीनी सिक्के खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान

अगर आप घर या ऑफिस में रखने के लिए फेंगशुई के चीनी सिक्के खरीद रहे हैं, तो उनकी बनावट और क्वालिटी जरूर जांच लें। ये सिक्के आमतौर पर तांबे, पीतल या कांसे के बने होते हैं और इनके बीच में चौकोर छेद होता है। पुराने सिक्के काफी महंगे हो सकते हैं, ऐसे में अच्छी गुणवत्ता वाले नए सिक्के भी खरीद सकते हैं। वहीं, फेंगशुई की मान्यताओं के अनुसार, पुराने सिक्कों को इस्तेमाल से पहले नमक मिले पानी से साफ करना शुभ माना जाता है। माना जाता है कि इससे सिक्कों पर मौजूद पुरानी ऊर्जा का प्रभाव दूर हो जाता है।

क्या हैं चीनी फेंगशुई सिक्के और क्यों माने जाते हैं शुभ

चीनी फेंगशुई सिक्कों की जड़ें प्राचीन चीन की मुद्रा परंपरा से जुड़ी हैं। फेंगशुई में इन्हें धन, सौभाग्य और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। इन सिक्कों को अक्सर लाल धागे में बांधकर रखा जाता है, क्योंकि इस परंपरा में लाल रंग को शुभ माना गया है। इसे सकारात्मक ऊर्जा, सुरक्षा और जीवन शक्ति से जोड़कर देखा जाता है। इतिहास में चीन के अलग-अलग राजवंशों ने कई तरह के सिक्के जारी किए थे। इनमें हान, तांग, सोंग और कांग्शी राजवंश के सिक्के खास माने जाते हैं।