Bisleri Water Controversy: बिसलेरी की बढ़ी मुश्किलें, बंगाल प्लांट के पानी में मिला बैक्टीरिया; FSSAI ने मुकदमा चलाने की दी मंज
बिसलेरी के पश्चिम बंगाल स्थित प्लांट के पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला। FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी।
देश की जानी-मानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पश्चिम बंगाल स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में बैक्टीरिया मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी है। प्रयोगशाला जांच में पानी का नमूना पीने के लिए असुरक्षित पाया गया था। इस मामले में कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाया जा सकता है।
बंगाल के प्लांट से लिए गए सैंपल में मिला बैक्टीरिया
सूत्रों के मुताबिक, पानी का सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी प्लांट से लिया गया था। जांच के दौरान पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई। प्राथमिक प्रयोगशाला के साथ रेफरल लैब ने भी जांच के नतीजों की पुष्टि की।
इस रिपोर्ट के आधार पर पानी के नमूने को पीने के लिए असुरक्षित माना गया। इससे पहले 12 अगस्त 2026 को संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगाई गई थी। अब FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दे दी है।
गोवा प्लांट के सैंपल पर भी उठे थे सवाल
इससे पहले FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ गोवा स्थित प्लांट से जुड़े मामले में भी इसी तरह की कार्रवाई की घोषणा की थी। वहां से लिए गए पानी के नमूने को भी प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित पाया गया था।
इस तरह कंपनी के दो अलग-अलग प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल जांच के दायरे में आए हैं।
बिसलेरी ने आरोपों पर उठाए सवाल
वहीं, बिसलेरी ने FSSAI के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। कंपनी का कहना है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है। साथ ही उसने इस मामले में खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण के साथ सहयोग करने की बात कही है।
अब इस मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ यह देखना होगा कि जांच और अदालत की कार्यवाही में क्या निष्कर्ष सामने आते हैं।
saloni 