MP सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, भोपाल में सड़कों पर फैला कचरा; दीपावली से पहले बिगड़े हालात

मध्य प्रदेश में 2.5 लाख सफाई कर्मचारी पक्की नौकरी और ठेका प्रथा खत्म करने की मांग पर हड़ताल पर हैं. भोपाल में सफाई व्यवस्था ठप होने से बढ़ी परेशानी.

MP सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, भोपाल में सड़कों पर फैला कचरा; दीपावली से पहले बिगड़े हालात
Image From X Handle

दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले मध्य प्रदेश के लाखों सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है. राज्य भर में करीब ढाई लाख से अधिक सफाई कर्मचारी ठेका और बाहरी एजेंसियों के माध्यम से की जाने वाली नियुक्तियों की व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त करने और खुद को पक्की नौकरी दिए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस अचानक हुई हड़ताल से राज्य के कई प्रमुख शहरों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आने लगे हैं. 

भोपाल में प्रदर्शन के दौरान सड़क पर फैलाया गया कचरा

राजधानी भोपाल में इस हड़ताल का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। यहां न सिर्फ सफाई का काम पूरी तरह प्रभावित हुआ है, बल्कि प्रदर्शन के दौरान कथित सफाईर्मियों द्वारा ड्रमों से सड़क पर कचरा फैलाए जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं. इस हरकत के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे शहर की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. त्योहार के इस सीजन में बाजारों और रिहायशी इलाकों में गंदगी फैलने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालात यह हो गए हैं कि भोपाल के विभिन्न बाजारों में व्यापारियों को अपनी दुकानों के आसपास की सफाई खुद के खर्चे पर निजी कर्मचारियों को बुलाकर करानी पड़ी.

रोजाना निकलता है 850 टन कचरा, व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित

आंकड़ों के मुताबिक, अकेले भोपाल शहर में रोजाना लगभग 850 टन कचरा निकलता है. शहर में घर-घर से कचरा एकत्रित करने के लिए 400 से अधिक विशेष वाहन तैनात किए गए हैं. इसके अलावा शहर के 17 प्रमुख कचरा संग्रहण केंद्रों पर कचरा इकट्ठा किया जाता है, जहां से बड़े टैंकरों के माध्यम से इसे आदमपुर छावनी स्थित मुख्य कचरा निस्तारण केंद्र तक पहुंचाया जाता है. लेकिन कर्मचारियों के काम बंद कर देने के कारण न केवल घरों से कचरा उठना बंद हो गया है, बल्कि उसे समय पर निस्तारण केंद्रों तक पहुंचाने का पूरा चेन सिस्टम भी बुरी तरह ठप हो गया है. 

अपर मुख्य सचिव के साथ हुई बैठक बेनतीजा

इस बड़े गतिरोध को समाप्त करने के लिए बुधवार को मध्य प्रदेश अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष मगन झांझोट और नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे के बीच एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। हालांकि, लंबी चर्चा के बाद भी यह बैठक पूरी तरह बेनतीजा साबित हुई और दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन पाई. 

मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात करेगा सफाई मजदूर संघ

बैठक विफल होने के बाद अब सफाई मजदूर संगठन ने सीधे राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलने का निर्णय लिया है. संगठन के अध्यक्ष मगन झांझोट ने दावा किया है कि प्रदेशभर के नगर निकायों में लगभग 2.5 लाख सफाईकर्मियों ने एक साथ काम का बहिष्कार कर दिया है. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक सरकार उनकी पक्की नौकरी और ठेका प्रथा खत्म करने जैसी सभी प्रमुख मांगें पूरी नहीं कर देती, तब तक यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी. अब सबकी नजरें मुख्यमंत्री के साथ होने वाली इस आगामी बैठक पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि दीपावली से पहले प्रदेश की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट पाएगी या नहीं.