UP Women Reservation: यूपी में महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं 40 लोकसभा और 202 विधानसभा सीटें, केशव मौर्य ने बताया पूरा प्लान
यूपी में महिला आरक्षण के तहत करीब 40 लोकसभा और 202 विधानसभा सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने प्रस्ताव और सीटों में बढ़ोतरी की जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश में महिला आरक्षण लागू होने पर महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में प्रतिनिधित्व के ज्यादा अवसर मिल सकते हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मुताबिक, प्रस्ताव के तहत यूपी में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर करीब 605 हो सकती हैं। इस स्थिति में लगभग 40 लोकसभा और 202 विधानसभा सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।
यूपी में लोकसभा और विधानसभा की सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव के तहत लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जाएगी।
केशव मौर्य के अनुसार, उत्तर प्रदेश में लोकसभा की मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120 हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा की 403 सीटों की संख्या बढ़कर करीब 605 होने का अनुमान है। इस तरह प्रदेश में लोकसभा की 40 और विधानसभा की लगभग 202 अतिरिक्त सीटें जुड़ सकती हैं।
महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की तैयारी
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है। इसी आधार पर यूपी में करीब 40 लोकसभा और 202 विधानसभा सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस व्यवस्था में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए भी आरक्षण का प्रावधान रहेगा। इससे दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों की महिलाओं को भी राजनीति और निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना
महिला आरक्षण के मुद्दे पर केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी दलों से महिला आरक्षण का समर्थन करने की अपील की।
डिप्टी सीएम ने कहा कि आजादी के बाद से महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी दिलाने के रास्ते में कई बार बाधाएं आई हैं। उनके मुताबिक, महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दलों को देश की महिलाएं याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा को इस फैसले का समर्थन करना चाहिए।
2011 की जनगणना के आधार पर होगा परिसीमन
केशव मौर्य के मुताबिक, महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया के लिए 2027 की जनगणना का इंतजार नहीं किया जाएगा। इसके बजाय 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाने का प्रस्ताव है।
प्रस्ताव के अनुसार, वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव के साथ महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में तैयारी की जा रही है। हालांकि, इसके लिए विधायी और संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।
सीएम योगी ने भी फैसले का किया स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिसीमन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताया। उन्होंने इसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सीएम योगी के अनुसार, प्रस्ताव में 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों के अनुपात को बनाए रखने की बात कही गई है। इसी अनुपात के अनुसार सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि संसद में राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी प्रभावित न हो।
saloni 