Whatsapp Security: WhatsApp यूजर्स सावधान,एक मैसेज से हैक हो सकता है आपका फोन, सरकार ने जारी किया अलर्ट
एक मैसेज से खाली हो सकता है आपका WhatsApp डेटा! CERT-In ने किन 5 सुरक्षा खामियों को लेकर जारी किया अलर्ट और कैसे बच सकते हैं आप इस साइबर खतरे से?
WhatsApp पर मिला एक साधारण सा मैसेज भी आपके फोन और निजी डेटा की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म में कई गंभीर खामियां सामने आने के बाद हाई-सीवियरिटी अलर्ट जारी किया है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि इन कमजोरियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी फोन में मौजूद निजी जानकारी तक पहुंच सकते हैं। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में WhatsApp का डेटा भी डिलीट हो सकता है। इस खतरे से बचने के लिए यूजर्स को ऐप का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है।
WhatsApp में सामने आईं पांच गंभीर सुरक्षा खामियां
CERT-In ने 26 नवंबर को जारी एडवाइजरी में WhatsApp के अलग-अलग वर्जन में पांच सुरक्षा कमजोरियों की जानकारी दी है। इनका असर एंड्रॉइड, आईओएस, मैक और विंडोज यूजर्स पर पड़ सकता है। एजेंसी के मुताबिक, साइबर अपराधी खास तौर पर तैयार किए गए मैसेज, अटैचमेंट या लिंक के जरिए इन खामियों का फायदा उठा सकते हैं। इसी खतरे को देखते हुए आम यूजर्स के साथ कंपनियों और संस्थानों को भी WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन अपडेट करने की सलाह दी गई है। साथ ही, अनजान नंबरों से आने वाले मैसेज, लिंक और फाइल खोलते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।
एक मैसेज पर टैप करते ही डिलीट हो सकता है WhatsApp डेटा
CERT-In ने अपनी एडवाइजरी में पहली सुरक्षा खामी को CVE-2026-102769 नाम दिया है। इसके तहत साइबर अपराधी खास तरह से तैयार किया गया 'ऑर्डर डिटेल्स' मैसेज भेजकर एंड्रॉइड यूजर्स को निशाना बना सकते हैं। अगर कोई यूजर इस मैसेज पर टैप करता है, तो SQL इंजेक्शन के जरिए उसके फोन में सेव WhatsApp की कुछ स्थानीय फाइलें डिलीट हो सकती हैं। इतना ही नहीं, मैसेज डिलीवर होने के समय और ऐप क्रैश होने जैसी गतिविधियों से हैकर चैट डेटाबेस से जुड़ी कुछ सीमित जानकारी भी हासिल कर सकता है। हालांकि, WhatsApp का कहना है कि फिलहाल उसे इस सुरक्षा खामी के गलत इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला है।
Meta AI और विज्ञापन लिंक से भी खतरा
CERT-In ने अपनी एडवाइजरी में दो अन्य सुरक्षा खामियों का भी जिक्र किया है, जो यूजर्स की प्राइवेसी को प्रभावित कर सकती हैं।
- दूसरी खामी (CVE-2026-44908): यह कमजोरी Meta AI के कंप्यूटिंग सिस्टम में सर्टिफिकेट जांच से जुड़ी थी। इसके चलते मेटा के इंफ्रास्ट्रक्चर के अंदर मौजूद कोई व्यक्ति सुरक्षा प्रक्रिया को चकमा देकर सिस्टम तक पहुंच बना सकता था।
- तीसरी खामी (CVE-2026-23871): यह एंड्रॉइड पर विज्ञापन के जवाब में मिलने वाले लिंक से संबंधित है। इसका फायदा उठाकर हैकर अपने नियंत्रण वाले सर्वर से मीडिया फाइल लोड कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में यूजर का IP एड्रेस भी उजागर होने का खतरा रहता है।
WhatsApp के मुताबिक, दूसरी खामी का गलत इस्तेमाल किए जाने का कोई सबूत नहीं मिला है। वहीं, तीसरी कमजोरी का कुछ स्पैम मैसेज के जरिए फायदा उठाए जाने की आशंका जताई गई है।
फोटो और फाइल के जरिए भी निशाना बना सकते हैं हैकर्स
एडवाइजरी में दो अन्य सुरक्षा खामियों का भी जिक्र किया गया है, जिनकी जानकारी WhatsApp ने मई में दी थी। इनमें पहली खामी (CVE-2026-23866) एंड्रॉइड और आईओएस डिवाइस से जुड़ी है। इसके तहत इंस्टाग्राम रील से संबंधित खास AI रिस्पॉन्स के जरिए यूजर के डिवाइस पर किसी संदिग्ध लिंक से खतरनाक कंटेंट लोड कराया जा सकता है। वहीं, दूसरी खामी (CVE-2026-23863) विंडोज यूजर्स के लिए खतरा है। इसमें कोई नुकसान पहुंचाने वाली अटैचमेंट सामान्य फाइल जैसी दिखाई दे सकती है, लेकिन खोलते ही प्रोग्राम की तरह काम करने लगती है। WhatsApp का कहना है कि इन दोनों खामियों के गलत इस्तेमाल का भी कोई सबूत नहीं मिला है।
Falak Abdeen 