Atif Aslam: दुबई कॉन्सर्ट में आतिफ असलम ने गाया 'धुरंधर 2' का गाना, वीडियो देख फैंस रह गए हैरान
दुबई कॉन्सर्ट में आतिफ असलम ने ऐसा कौन-सा गाना गाया, जिसने सोशल मीडिया पर मचा दी हलचल? वीडियो देखकर आप भी जान जाएंगे इसकी खास वजह
शुक्रवार, 27 नवंबर को दुबई के कोका-कोला एरिना में आतिफ असलम ने अपने शानदार कॉन्सर्ट से समां बांध दिया। उनकी आवाज और दमदार परफॉर्मेंस ने दर्शकों को खूब झूमने पर मजबूर किया। हालांकि, इस शाम का एक खास पल अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, कॉन्सर्ट के दौरान आतिफ ने एक ऐसा गाना गाया, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
वीडियो में क्या है खास
दरअसल, दुबई कॉन्सर्ट के दौरान आतिफ असलम ने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का गाना 'जान से गुजरते हैं' गाकर सबका ध्यान खींच लिया। उनकी इस प्रस्तुति को देखकर वहां मौजूद फैंस हैरान रह गए और उन्होंने खूब उत्साह भी दिखाया। अब इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे एक फैन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो के साथ फैन ने इसे दो देशों के बीच एक अनोखा मेल बताते हुए लिखा, 'कुछ गानों को सच में वीजा की जरूरत नहीं होती।' आतिफ की इस परफॉर्मेंस को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
View this post on Instagram
धुरंधर की वजह से फिर चर्चा में आया पुराना गाना
भले ही इन दिनों 'धुरंधर: द रिवेंज' की वजह से 'जान से गुजरते हैं' सुर्खियों में है, लेकिन इसकी असली धुन नई नहीं है। इस गाने की जड़ें मशहूर पाकिस्तानी कव्वाली गायक नुसरत फतेह अली खान की कव्वाली 'दिल पे जख्म खाते हैं' से जुड़ी हैं, जिसे साल 1977 में गाया गया था। बाद में फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के लिए इसी पुरानी धुन को नए अंदाज में तैयार किया गया और इसे 'जान से गुजरते हैं' नाम दिया गया। इस नए वर्जन को खान साहब और शाश्वत सचदेव ने अपनी आवाज दी है। फिल्म के जरिए नुसरत फतेह अली खान की इस पुरानी धुन को एक बार फिर नई पीढ़ी के श्रोताओं तक पहुंचने का मौका मिला है।
फैंस ने दिलाई पुराने गाने की याद
आतिफ असलम की इस परफॉर्मेंस को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स उनकी आवाज की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ लोगों ने इस गाने का पुराना कनेक्शन भी याद दिलाया। उन्होंने बताया कि 'जान से गुजरते हैं' की मूल धुन उस्ताद नुसरत फतेह अली खान की साल 1977 की कव्वाली 'दिल पे जख्म खाते हैं' से ली गई है।
Falak Abdeen 