'नेपाल के बिना राम भी अधूरे...',बालेन शाह से PM मोदी की खास बात ने खींचा ध्यान

पीएम मोदी ने बालेन शाह के सामने नेपाल को लेकर ऐसा क्या कहा कि सबका ध्यान खिंच गया? 'नेपाल के बिना राम भी अधूरे...' वाले बयान के पीछे जानिए भारत-नेपाल के रिश्तों की खास कहानी।

'नेपाल के बिना राम भी अधूरे...',बालेन शाह से PM मोदी की खास बात ने खींचा ध्यान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत-नेपाल रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया। दोनों नेताओं ने अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक चलने वाली 'सरयू कमला एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत और नेपाल के गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सभ्यता एक-दूसरे से जुड़ी हुई है और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। बालेन शाह के भारत दौरे की शुरुआत भी खास रही। सुबह राष्ट्रपति भवन में उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पीएम मोदी ने गर्मजोशी से गले मिलकर उनका अभिनंदन किया।

बालेन शाह की सोच में दिखी दूरदर्शिता

पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की तारीफ करते हुए कहा कि जब उन्होंने दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के तौर पर संयुक्त राष्ट्र (UN) में अपना संबोधन दिया था, तभी उनकी दूरदर्शी सोच की झलक देखने को मिल गई थी। मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच रेल और सड़क संपर्क को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में दोनों नेताओं ने महाकाली नदी पर बनने वाले मोटर पुल की आधारशिला रखी। इसके साथ ही कई अन्य विकास परियोजनाओं की भी शुरुआत की गई। पीएम मोदी ने यह भी घोषणा की कि भारत नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराएगा। इससे नेपाल के व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ लोगों की आवाजाही भी पहले से आसान हो सकेगी।

राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा से मजबूत हुई साझा आस्था

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि साल 2024 में हुए इस ऐतिहासिक आयोजन ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती दी। इसके बाद से देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, साल 2025 में करीब 30 करोड़ श्रद्धालुओं ने अयोध्या की यात्रा की। उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत से दोनों देशों के इस पवित्र रिश्ते को एक नई दिशा मिलेगी और श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा करना भी आसान होगा।

नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ रुपये के पैकेज का ऐलान

पीएम मोदी ने नेपाल को आर्थिक सहयोग देने की बड़ी घोषणा करते हुए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ के कारण हुए नुकसान और जनहानि पर भारत को गहरा दुख है। इस मुश्किल समय में भारत नेपाल के पुनर्निर्माण और लंबे समय तक विकास की राह मजबूत करने में सहयोग करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों की संस्कृति, इतिहास और परंपराएं सदियों से एक-दूसरे से जुड़ी हैं। उन्होंने साल 2018 की अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए कहा कि दोनों देशों का संबंध भगवान राम और माता सीता से भी जुड़ता है। अयोध्या भगवान राम की नगरी है, जबकि नेपाल का जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। इसी धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।"

अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस

पीएम मोदी ने भारत और नेपाल के बीच धार्मिक स्थलों के साथ-साथ सड़क और रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लुंबिनी और बोधगया जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे। उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचुला मार्ग का उद्घाटन हो चुका है और नेपाल की ओर इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का काम भी आगे बढ़ाया जाएगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही को सुविधा मिलेगी। पीएम मोदी ने बिहार, उत्तर प्रदेश और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने की बात भी कही।

नेपाल में IIT और स्टार्टअप हब बनाएगा भारत

पीएम मोदी ने नेपाल में शिक्षा, तकनीक और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कई अहम योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल में IIT, स्टार्टअप इन्क्यूबेटर और इनोवेशन हब स्थापित करने में सहयोग करेगा। इसके अलावा नेपाली छात्रों को भारत में कानून और तकनीकी शिक्षा हासिल करने के लिए ज्यादा स्कॉलरशिप दी जाएंगी। पीएम मोदी ने नेपाल में एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी मदद का भरोसा दिया, जिससे फूड प्रोसेसिंग और कृषि उत्पादों की वैल्यू बढ़ाने को बढ़ावा मिलेगा।

बालेन शाह ने भारत का क्यों जताया आभार

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने मुश्किल समय में भारत के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि संकट के दौरान भारत सबसे पहले मदद के लिए आगे आया, जिसके लिए नेपाल आभारी है। बालेन शाह ने दोनों देशों के पुराने और मजबूत रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि अब विकास के अलग-अलग क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और बढ़ाने की जरूरत है। इससे नेपाल में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि आपसी सम्मान, विश्वास और सद्भावना ही भारत-नेपाल संबंधों की असली ताकत हैं। दोनों देशों के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और महासागर की तरह विशाल हैं।