Kittchen Tips: क्या एल्युमिनियम के बर्तन बढ़ाते हैं कैंसर का खतरा,जानें इस्तेमाल का सही तरीका

रोज इस्तेमाल होने वाले एल्युमिनियम के बर्तन कहीं सेहत के लिए खतरा तो नहीं बन रहे? कैंसर से जुड़े दावों के बीच जानिए इन बर्तनों की असली सच्चाई और इस्तेमाल का सही तरीका!

Kittchen Tips: क्या एल्युमिनियम के बर्तन बढ़ाते हैं कैंसर का खतरा,जानें इस्तेमाल का सही तरीका

भारतीय घरों में एल्युमिनियम के बर्तन लंबे समय से इस्तेमाल किए जा रहे हैं। कहीं इनमें रोजाना सब्जी और दाल पकाई जाती है, तो कहीं दूध गर्म करने और प्रेशर कुकर में खाना बनाने के लिए इनका उपयोग होता है। कम कीमत और हल्के वजन के कारण ये बर्तन लगभग हर रसोई का हिस्सा बन चुके हैं। हाल के दिनों में इन बर्तनों के सेहत पर पड़ने वाले असर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर अक्सर दावा किया जाता है कि एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाने से धातु के कुछ अंश भोजन में मिल सकते हैं। इससे शरीर को नुकसान पहुंचने और कैंसर का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जाती है।

क्या रसोई से हटाने होंगे एल्युमिनियम के बर्तन

इन दावों ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या वाकई एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाना खतरनाक है या कुछ सावधानियां बरतकर इनका इस्तेमाल जारी रखा जा सकता है? आइए जानते हैं कि खाना पकाते समय एल्युमिनियम भोजन में कैसे पहुंच सकता है और सुरक्षित इस्तेमाल के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

क्या एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाने से होता है कैंसर

एल्युमिनियम के बर्तनों को लेकर कैंसर की आशंका जताई जाती है, लेकिन अब तक सामान्य इस्तेमाल और कैंसर के बीच कोई सीधा संबंध वैज्ञानिक रूप से साबित नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, रोजमर्रा में इन बर्तनों में खाना पकाने से शरीर में पहुंचने वाले एल्युमिनियम की मात्रा आमतौर पर काफी कम होती है। मौजूदा वैज्ञानिक शोध भी इस बात की पुष्टि नहीं करते कि एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना बनाने से सीधे कैंसर होता है।

खाना पकाने के दौरान भोजन में कैसे घुलता है एल्युमिनियम

एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकाने या लंबे समय तक भोजन रखने से धातु के कुछ अंश खाने में मिल सकते हैं। इस प्रक्रिया को मेटल लीचिंग कहा जाता है। हालांकि, हर बार इसकी मात्रा एक जैसी नहीं होती। यह कई परिस्थितियों पर निर्भर करती है।
इसमें सबसे अहम भूमिका इन बातों की होती है:
- खाने में एसिड की मात्रा: टमाटर, नींबू और इमली जैसी खट्टी चीजों से एल्युमिनियम के भोजन में घुलने की संभावना बढ़ सकती है।
- नमक की मात्रा: अधिक नमक भी धातु के घुलने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।
- पकाने का समय: बर्तन में खाना जितनी देर तक पकाया या रखा जाता है, धातु के मिलने की संभावना उतनी बढ़ सकती है।
- बर्तन की गुणवत्ता: बर्तन की सतह खराब होने या घिसने पर एल्युमिनियम भोजन के संपर्क में अधिक आ सकता है।
- तापमान: खाना पकाने का तापमान भी इस प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।

इन चीजों को एल्युमिनियम के बर्तनों में पकाने से बचें

हर तरह का खाना एल्युमिनियम के बर्तनों में पकाना सही नहीं माना जाता। खासतौर पर खट्टी और ज्यादा नमक वाली चीजें पकाते समय सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे खाद्य पदार्थों में मौजूद एसिड और नमक धातु के साथ प्रतिक्रिया कर सकते हैं, जिससे भोजन में एल्युमिनियम के अंश मिलने की संभावना बढ़ सकती है। इन चीजों को एल्युमिनियम के बर्तनों में पकाने या लंबे समय तक रखने से बचना बेहतर है

- टमाटर की सब्जी: टमाटर में मौजूद प्राकृतिक एसिड एल्युमिनियम के साथ प्रतिक्रिया कर सकता है।
- नींबू वाली डिश: नींबू की खटास के कारण भोजन में एल्युमिनियम मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
- इमली वाला खाना: इमली में मौजूद एसिड एल्युमिनियम की सतह को प्रभावित कर सकता है।
- अचार: नमक और एसिड की अधिक मात्रा के कारण अचार को एल्युमिनियम के बर्तनों में स्टोर नहीं करना चाहिए।
- सांभर और खट्टी दाल: इन व्यंजनों को एल्युमिनियम के बर्तनों में लंबे समय तक पकाने या रखने से परहेज करना बेहतर है।

शरीर में ज्यादा एल्युमिनियम पहुंचने से हो सकती हैं ये परेशानियां

एल्युमिनियम की थोड़ी मात्रा रोजमर्रा के खानपान के जरिए शरीर में पहुंच सकती है, लेकिन इसकी अधिक मात्रा लंबे समय तक शरीर में जमा होती रहे तो कुछ स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। खासकर जिन लोगों की किडनी ठीक से काम नहीं करती, उन्हें अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

- किडनी पर पड़ सकता है असर: शरीर से एल्युमिनियम को बाहर निकालने में किडनी अहम भूमिका निभाती है। किडनी की कार्यक्षमता कमजोर होने पर यह शरीर में जमा हो सकता है।
- पाचन संबंधी दिक्कतें: बहुत अधिक मात्रा में एल्युमिनियम के संपर्क से पेट में परेशानी, मतली और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- हड्डियों की सेहत पर असर: लंबे समय तक एल्युमिनियम की अधिक मात्रा शरीर में पहुंचने से कुछ स्थितियों में हड्डियों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
- नर्वस सिस्टम प्रभावित हो सकता है: एल्युमिनियम के अत्यधिक संपर्क के कुछ मामलों में तंत्रिका तंत्र से जुड़ी परेशानियां भी देखी गई हैं।