UP Election 2027: यूपी 2027 के लिए बीजेपी का मेगा प्लान तैयार! हारी सीटों पर फोकस, मोदी-शाह करेंगे ताबड़तोड़ दौरे
यूपी में 2027 की चुनावी जंग के लिए बीजेपी ने अभी से बिसात बिछानी शुरू कर दी है। हारी हुई सीटों से लेकर वोटर लिस्ट तक, आखिर क्या है पार्टी का पूरा मास्टरप्लान? जानिए मोदी-शाह के दौरे से जुड़ी तैयारी।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति से लेकर नेताओं की जिम्मेदारियों तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बार पार्टी का खास ध्यान उन सीटों पर है, जहां उसे 2022 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इसके साथ ही मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) और नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के अभियान को भी प्राथमिकता दी गई है। बैठक में तय किया गया कि जिला अध्यक्ष मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अभियान की निगरानी करेंगे। उन्हें अपने-अपने जिलों में चल रहे काम की रिपोर्ट प्रदेश मुख्यालय को भेजनी होगी। वहीं, हारी हुई सीटों पर पार्टी अपनी पिछली गलतियों और कमजोरियों का आकलन कर रही है, ताकि आगामी चुनाव में उन कमियों को दूर किया जा सके।
यूपी में बीजेपी का 'मतदाता जोड़ो अभियान'
बीजेपी ने यूपी में मतदाता सूची को लेकर एक महीने का विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत हर बूथ पर 50 नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिला अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है और उन्हें रोजाना प्रदेश मुख्यालय को रिपोर्ट भेजनी होगी। पार्टी कार्यकर्ता कमल साथी ऐप के जरिए घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। इसके अलावा कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में कैंप लगाकर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं का नाम भी सूची में जुड़वाया जाएगा। बीजेपी का फोकस पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों का मिलान कर छूटे हुए नामों की पहचान करना है।
2022 में हारी सीटों पर बीजेपी की खास नजर
बीजेपी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में हारी हुई सीटों पर अपनी गतिविधियां तेज करने की रणनीति बनाई है। पार्टी इन क्षेत्रों में संगठन की कमजोरियों को दूर करने और मजबूत उम्मीदवारों की पहचान करने पर काम करेगी। इसके लिए बूथ कमेटियों को फिर से सक्रिय किया जाएगा। साथ ही, इन सीटों पर केंद्रीय नेताओं के दौरे भी बढ़ाए जाएंगे। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, पार्टी कुछ सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान भी पहले कर सकती है।
पीएम मोदी और अमित शाह के यूपी दौरे की बनेगी रणनीति
बीजेपी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में केंद्रीय नेताओं की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी की है। कोर कमेटी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के बड़े नेताओं के दौरे और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। आने वाले महीनों में प्रदेश में बड़ी रैलियां, जनसभाएं और सरकारी योजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि चुनाव से पहले पार्टी का संगठन हर बूथ और हर घर तक पहुंचे। इसके लिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को अभी से मैदान में सक्रिय करने की रणनीति बनाई गई है।
Falak Abdeen 