Jodhpur News: बिजली बिल और नए कनेक्शन के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, चौखा सब-डिवीजन हुआ मंडोर से अलग; हजारों उपभोक्ताओं को राहत

Jodhpur News: जोधपुर में चौखा सब-डिवीजन मंडोर से अलग हो गया है। फैसले से 23,500 बिजली उपभोक्ताओं को बिलिंग, नए कनेक्शन और शिकायतों में राहत मिलेगी।

Jodhpur News: बिजली बिल और नए कनेक्शन के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, चौखा सब-डिवीजन हुआ मंडोर से अलग; हजारों उपभोक्ताओं को राहत

Jodhpur News: राजस्थान के जोधपुर में बिजली उपभोक्ताओं को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलने जा रही है। डिस्कॉम ने चौखा सब-डिवीजन को मंडोर से अलग कर दिया है। अब चौखा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा कराने, नए कनेक्शन लेने और बिजली से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए मंडोर कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस फैसले से करीब 23,500 उपभोक्ताओं को राहत मिलने की बात कही गई है।

23,500 बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

अब तक चौखा सब-डिवीजन से जुड़े कई गांवों के लोगों को बिजली बिल, नए कनेक्शन और अन्य विभागीय कामों के लिए मंडोर कार्यालय जाना पड़ता था। इससे लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और समय भी बर्बाद होता था।

चौखा सब-डिवीजन के अलग होने के बाद करीब 35 किलोमीटर क्षेत्र में फैले उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर बिजली संबंधी सुविधाएं मिल सकेंगी। मंडोर सब-डिवीजन में अब करीब 11 हजार उपभोक्ता रहने की जानकारी दी गई है। वहीं दईजर, मंडलनाथ, नौ मील और बासनी गांव के उपभोक्ताओं को भी इस व्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है।

डेढ़ साल पहले हुआ था चौखा सब-डिवीजन का गठन

दरअसल, डिस्कॉम ने करीब डेढ़ साल पहले मंडोर सब-डिवीजन का विभाजन कर चौखा को नया सब-डिवीजन बनाया था। लेकिन नया सब-डिवीजन बनने के बावजूद बिलिंग और नए बिजली कनेक्शन से जुड़े काम मंडोर कार्यालय से ही किए जा रहे थे।

इस वजह से रोहिला कलां, झंवर, पोपावास और बंबोर सहित आसपास के इलाकों के लोगों को विभागीय कामों के लिए मंडोर कार्यालय पहुंचना पड़ता था। अब डिस्कॉम ने दोनों सब-डिवीजन के उपभोक्ताओं का अलग-अलग बंटवारा कर दिया है।

चौखा सब-डिवीजन में कौन-कौन से गांव शामिल?

चौखा सब-डिवीजन में रोहिला कलां, मोकलावास, झंवर, बड़ली, पोपावास, केरू, बारू, बंबोर और चौखा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों और उनसे जुड़ी ढाणियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा चौखा क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां भी इसी सब-डिवीजन के दायरे में आएंगी।

अब बिलिंग और नए कनेक्शन का काम होगा स्थानीय स्तर पर

डिस्कॉम ने चौखा सब-डिवीजन के संबंधित सहायक अभियंता (AEN) को वित्तीय अधिकार भी दे दिए हैं। इसके साथ ही बिलिंग और नए बिजली कनेक्शन जारी करने की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है।

चौखा के AEN राजेंद्र कुमार के मुताबिक, इस व्यवस्था से करीब 23,500 लोगों को मंडोर कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बिजली फॉल्ट से जुड़ी शिकायतों का समाधान भी पहले की तुलना में समय पर हो सकेगा। नई व्यवस्था लागू होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली विभाग से जुड़े कामों में सुविधा मिलने की उम्मीद है।