समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: 19 गाड़ियां आपस में भिड़ीं, 30 लोग घायल; एक की हालत गंभीर
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर ताड़ेगांव के पास 19 वाहन आपस में भिड़ गए. हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बई-नागपुर समृद्धि महामार्ग (Samruddhi Expressway) पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर रफ्तार का भयंकर कहर देखने को मिला. ताड़ेगांव के पास मुंबई जाने वाले कॉरिडोर पर एक के बाद एक कुल 19 वाहन आपस में भिड़ गए। इस भयावह श्रृंखलाकार टक्कर (Chain Collision) में महिलाओं और छोटे बच्चों समेत लगभग 30 लोग घायल हो गए हैं. गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि एक घायल व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है.
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
शुरुआती और प्रशासनिक जानकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे हुई. ताड़ेगांव के पास चैनल नंबर 322 पर एक सीमेंट से भरा भारी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. ट्रक पलटने के कारण मुंबई की तरफ जाने वाली मुख्य लेन पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया, जिससे सड़क पर गाड़ियों की कतारें लग गईं. जब प्रशासन और स्थानीय लोग पलटे हुए सीमेंट ट्रक को हटाने और रास्ते को साफ करने की कोशिश में जुटे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज़ रफ़्तार कंटेनर ट्रक ने ब्रेक न लगा पाने के कारण रुकी हुई गाड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
Samruddhi Expressway????⚠️ Disturbing Visuals???? Cement lorry ahead rolled over, traffic slowed down…speeding lorry from behind rammed cars ahead…19-20 car pileup, 30 injured. What was lorry driver upto? @DriveSmart_IN @RSGuy_India https://t.co/fwKLLRLTPM
— Dave (Road Safety: City & Highways) (@motordave2) November 13, 2026
18 कारें और एक पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
इस टक्कर का असर इतना भयंकर था कि एक गाड़ी के पीछे खड़ी अन्य गाड़ियां ताश के पत्तों की तरह एक-दूसरे में घुसती चली गईं। इस हादसे में कुल 18 निजी कारें और एक पुलिस की गाड़ी आपस में बुरी तरह टकरा गईं. टक्कर इतनी तेज थी कि कई कारों के आगे और पीछे के हिस्से पूरी तरह पिचक गए, जिससे उनके परखच्चे उड़ गए. हादसे के तुरंत बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे.
राहत और बचाव कार्य
पुलिस और बचाव टीमों ने तुरंत स्थानीय नागरिकों की मदद से गाड़ियों में फंसे यात्रियों और बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण समृद्धि एक्सप्रेसवे पर लगे भारी जाम को हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया. क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क के किनारे कर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन लगातार चालकों से गति सीमा का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील कर रहा है.
