Avengers Doomsday Trailer: 3 मिनट में 31 सुपरहीरो और अकेला डॉक्टर डूम! ट्रेलर में छिपे 5 बड़े राज, इन हीरोज पर मंडराया मौत का खतरा

31 सुपरहीरो, अकेला डॉक्टर डूम और मौत का मंडराता खतरा! 'एवेंजर्स: डूम्सडे' के तीन मिनट के ट्रेलर में छिपे हैं ऐसे 5 राज, जिनका खुलासा फिल्म की कहानी बदल सकता है। आखिर किस सुपरहीरो की जान पर है खतरा?

Avengers Doomsday Trailer: 3 मिनट में 31 सुपरहीरो और अकेला डॉक्टर डूम! ट्रेलर में छिपे 5 बड़े राज, इन हीरोज पर मंडराया मौत का खतरा

मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' को लेकर फैंस का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म में इस बार कई बड़े सुपरहीरोज एक साथ नजर आने वाले हैं। ऐसे में दर्शकों को एक्शन के साथ कहानी में भी कई चौंकाने वाले मोड़ देखने की उम्मीद है। लंबे इंतजार के बाद अब फिल्म का ट्रेलर भी सामने आ गया है, जिसने फैंस के बीच नई चर्चाएं छेड़ दी हैं। करीब तीन मिनट के ट्रेलर में सुपरहीरोज की जबरदस्त झलक देखने को मिलती है। लेकिन इसकी खास बात सिर्फ एक्शन और किरदारों की एंट्री नहीं, बल्कि इसमें छिपे पांच बड़े राज भी हैं। ट्रेलर के आखिरी हिस्से में ऐसा ट्विस्ट आता है, जो कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ा देता है। इसमें एक सुपरहीरो की जान पर खतरा मंडराने के संकेत भी मिलते हैं, हालांकि मेकर्स ने यह खुलासा नहीं किया है कि आखिर वह कौन है। यही सवाल अब फैंस के बीच सबसे बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है। इस रहस्य से पर्दा तो फिल्म रिलीज होने के बाद ही उठेगा।

ट्रेलर में छिपे हैं कहानी के ये 5 बड़े राज

1. स्टीव के परिवार पर मंडराया डॉक्टर डूम का खतरा- 'एंडगेम' के बाद स्टीव रोजर्स और पेगी कार्टर अपने बेटे के साथ एक नई दुनिया में जिंदगी बिता रहे हैं। ट्रेलर में उनके परिवार की झलक दिखाई देती है, लेकिन इसके साथ एक बड़ा रहस्य भी सामने आता है। स्टीव अपने बेटे से कोई अहम बात छिपाते नजर आते हैं। यही राज आगे चलकर उनके परिवार के लिए मुसीबत बन सकता है। कहानी में डॉक्टर डूम का खतरा स्टीव के परिवार तक पहुंचता दिखाई देता है।

2. एवेंजर्स, X-Men और फैंटास्टिक फोर का महा- मिलन- इस बार मार्वल की तीन बड़ी सुपरहीरो टीमें एक साथ नजर आने वाली हैं। ट्रेलर में एवेंजर्स, X-Men और फैंटास्टिक फोर को एक साथ देखकर फैंस का उत्साह बढ़ गया है। तीनों टीमों का मुकाबला डॉक्टर डूम से होने वाला है। इस दौरान बजने वाला दमदार म्यूजिक 'एंडगेम' के मशहूर 'एवेंजर्स! असेंबल' सीन की याद दिलाता है। यह झलक फिल्म के सबसे रोमांचक पलों में से एक हो सकती है।

3. एवेंजर्स और X-Men के बीच भी हो सकती है भिड़ंत- ट्रेलर में सिर्फ डॉक्टर डूम ही नहीं, बल्कि सुपरहीरो टीमों के बीच टकराव की झलक भी देखने को मिलती है। शुरुआत में सैम विल्सन और साइक्लोप्स आमने-सामने नजर आते हैं, लेकिन बाद में दोनों सेंटिनल्स के खिलाफ एकजुट होते दिखाई देते हैं। इस दौरान साइक्लोप्स अपने चर्चित डायलॉग 'To me, my X-Men' के साथ एंट्री करते हैं। कुछ सीन्स में एवेंजर्स और X-Men के सदस्य आपस में लड़ते भी दिखते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या दोनों टीमों के बीच कोई गलतफहमी होने वाली है? इसका खुलासा फिल्म देखने के बाद ही होगा।

4. डॉक्टर डूम के साथ दिखेंगी रहस्यमयी लैटवेरियन विचेज- ट्रेलर में डॉक्टर डूम के साथ तीन रहस्यमयी महिलाओं की मौजूदगी भी ध्यान खींचती है। इन्हें 'लैटवेरियन विचेज' बताया जा रहा है। इनकी भूमिका को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन मल्टीवर्स से जुड़ा इनका रहस्य कहानी को और पेचीदा बना सकता है। क्या ये महिलाएं डॉक्टर डूम की ताकत बढ़ाएंगी या मल्टीवर्स के लिए कोई बड़ा खतरा बनेंगी? ट्रेलर इस सवाल का जवाब देने से बचता है।

5. डॉक्टर डूम के सामने थोर भी पड़ते दिखे कमजोर- ट्रेलर का एक और चौंकाने वाला पहलू डॉक्टर डूम की ताकत है। उसकी शक्ति के सामने थोर जैसा दमदार सुपरहीरो भी बेबस नजर आता है। दोनों के बीच टक्कर का सीन दिखाता है कि डॉक्टर डूम इस बार एवेंजर्स के लिए कितनी बड़ी चुनौती बनने वाला है। थोर का उसके सामने टिक न पाना इस बात का संकेत है कि उसे हराना बाकी सुपरहीरोज के लिए आसान नहीं होगा।

भारत में एडवांस बुकिंग ने मचाया धमाल

'एवेंजर्स: डूम्सडे' की रिलीज से पहले ही भारत में फिल्म का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। रिलीज में अभी 23 दिन बाकी हैं, लेकिन मंगलवार सुबह 9 बजे तक फिल्म की 9.10 लाख टिकटें बिक चुकी थीं। 17 से 20 दिसंबर तक के शोज की इस एडवांस बुकिंग से फिल्म ने 57.57 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है। महाराष्ट्र और दिल्ली-NCR में सबसे ज्यादा डिमांड है। वहीं, अंग्रेजी वर्जन के टिकट सबसे अधिक बिक रहे हैं, जबकि हिंदी और तमिल वर्जन को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी 'एवेंजर्स: डूम्सडे'

मार्वल की इस बड़ी फिल्म का इंतजार 18 दिसंबर 2026 को खत्म होगा। इसी दिन 'एवेंजर्स: डूम्सडे' दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर के अलावा क्रिस इवांस (कैप्टन अमेरिका), क्रिस हेम्सवर्थ (थोर), पॉल रुड, लेटिटिया राइट, सेबेस्टियन स्टेन और टॉम हिडलेस्टन जैसे सितारे नजर आएंगे। वहीं, सिमु लियू भी शांग-ची के किरदार में वापसी करेंगे। इतनी बड़ी स्टारकास्ट के साथ फिल्म को लेकर फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।