कोर्ट के बाहर गोलियों की गूंज से दहला पुणे, सरेराह घेरकर शख्स की हत्या
पुणे कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने सबको चौंका दिया। हमलावरों ने पहले गोलियां चलाईं, फिर धारदार हथियार से हमला किया। आखिर किस वजह से शख्स को बनाया गया निशाना
महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार दोपहर जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर दिनदहाड़े हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने एक शख्स को बीच सड़क पर घेरकर उस पर गोलियां चला दीं। इसके बाद भी उन्होंने हमला नहीं रोका और मचेटी से वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ ही देर में घायल शख्स ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही शिवाजीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आपसी रंजिश समेत दूसरे संभावित कारणों की जांच कर रही है। वहीं, आरोपियों की पहचान और उनका सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों को जल्द पकड़ने की कोशिश में जुटी है।
दो वाहनों में आए हमलावरों ने किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी दो अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। उनके पास पिस्तौल और कोयते जैसे धारदार हथियार थे। पहले उन्होंने पीड़ित पर गोलियां चलाईं। जान बचाने के लिए वह भागा तो हमलावरों ने पीछा कर कोयते से कई वार किए। हमले में उसका एक हाथ कट गया। पुलिस उसे ऑटो रिक्शा से अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी जान नहीं बच सकी।
किसी मामले में गवाह था मृतक
इस हत्याकांड में एक और अहम बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक किसी मामले में गवाह था। पुलिस को आशंका है कि इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया हो सकता है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और इसके पीछे किसकी साजिश थी, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।
मौके से पिस्तौल और कारतूस से भरी मैगजीन मिली
पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्तौल और कारतूस से भरी मैगजीन बरामद हुई है। कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों के मुताबिक, हमले के बाद पीड़ित खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा था। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस उसे तुरंत अस्पताल ले गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
Falak Abdeen 