'व्हाट्सएप भी हैंडल नहीं कर पाती...' ट्रोलिंग पर Shraddha Kapoor का सबसे मजेदार जवाब

श्रद्धा कपूर ने ऑनलाइन ट्रोलिंग और आलोचनाओं पर खुलकर बात की. फिल्म 'ईथा' में मराठी लहजे को लेकर हो रही चर्चा के बीच जानिए एक्ट्रेस ने क्या कहा.

'व्हाट्सएप भी हैंडल नहीं कर पाती...' ट्रोलिंग पर Shraddha Kapoor का सबसे मजेदार जवाब
Image From Instagram: shraddhakapoor

बॉलीवुड की चुलबुली एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) इन दिनों अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ दोनों को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इस बीच, एक्ट्रेस ने अपने ऊपर होने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग और आलोचनाओं से निपटने के अपने अनोखे अंदाज़ पर खुलकर बात की है. श्रद्धा का मानना है कि सोशल मीडिया की नकारात्मकता पर ध्यान देने से बेहतर है कि इंसान अपने काम पर फोकस करें. 

'आस्क मी एनीथिंग' (AMA) सेशन में दिया मजेदार जवाब

हाल ही में इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ बातचीत के दौरान, एक यूजर ने श्रद्धा कपूर से सीधा सवाल पूछा कि वह सोशल मीडिया पर मिलने वाले क्रिटिसिज़म और नेगेटिव कमेंट्स को कैसे संभालती हैं या उससे कैसे निपटती हैं?. इस सवाल का बेहद मजेदार और बेबाक अंदाज़ में जवाब देते हुए श्रद्धा ने कहा कि वह इन सब चीज़ों में अपना कीमती वक्त बिल्कुल बर्बाद नहीं करतीं. उन्होंने मज़ाकिया लहजे में शेयर किया, 'मैं असल में क्रिटिसिज़म को हैंडल नहीं करती. इसमें हैंडल करने जैसा है ही क्या? मैं तो अपना WhatsApp भी ठीक से हैंडल नहीं कर सकती! मजे की बात तो यह है कि मेरा कोई मैनेजर भी नहीं है और न ही मैं किसी टैलेंट एजेंसी से जुड़ी हुई हूं मेरे दोस्त, डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स तो मुझे अक्सर फोन चेक न करने के लिए डांटते रहते हैं.' उन्होंने कहा, 'मुझे किसी भी तरह की बुराई या आलोचना को संभालने में कोई दिलचस्पी नहीं है. मैं बस काम करना चाहती हूं, और ज़्यादा से ज़्यादा काम करना चाहती हूँ। बस, यही मेरा मकसद है.'

फिल्म 'ईथा' और मराठी लहजे पर छिड़ी बहस

श्रद्धा कपूर का यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है जब उनकी आने वाली मच-अवेटेड फिल्म 'ईथा' (Etha) का ट्रेलर और प्रमोशनल मटीरियल इंटरनेट पर छाया हुआ है। इस फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों काफी गहमागहमी और बहस देखने को मिल रही है. डायरेक्टर लक्ष्मण उटेकर के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में श्रद्धा कपूर महाराष्ट्र की मशहूर और लीजेंड्री लावणी व तमाशा परफॉर्मर विथाबाई नारायणगांवकर का मुख्य किरदार निभा रही हैं. विथाबाई वही महान कलाकार थीं जिन्होंने महाराष्ट्र के लोक मनोरंजन और तमाशा जगत को एक नई पहचान दी और उस पर गहरी छाप छोड़ी. 

जैसे ही मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया, श्रद्धा के लुक और उनके काम की तारीफ के साथ-साथ सोशल मीडिया का एक धड़ा उनके मराठी एक्सेंट, बात करने के तरीके और डायलॉग डिलीवरी पर सवाल उठाने लगा. कई यूजर्स ने उनके लहजे को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दीं, जिसके बाद से ऑनलाइन बहस छिड़ गई है. हालांकि, इन तमाम प्रतिक्रियाओं से बेपरवाह श्रद्धा अपना पूरा ध्यान अपने काम पर लगा रही हैं. 

स्टार कास्ट और रिलीज डेट

फिल्म 'ईथा' में श्रद्धा कपूर के अलावा भारतीय सिनेमा के कई जाने-माने और मंझे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव जैसे दमदार एक्टर्स भी अपनी एक्टिंग का जादू बिखेरेंगे. दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर भारी उत्सुकता बनी हुई है। यह फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.