Amozon Jungle: अमेजन के जंगल में 11 दिन तक मौत से जूझता रहा बुजुर्ग, अल्जाइमर के बावजूद ऐसे बचाई जान
अल्जाइमर से पीड़ित 74 साल के बुजुर्ग अमेजन के घने जंगल में 11 दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ते रहे। न खाने का ठिकाना, न बाहर निकलने का रास्ता... आखिर कैसे मिली उन्हें नई जिंदगी?
ब्राजील के अमेजन वर्षावन से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 74 साल के जनारिनो फरेरा डोस सैंटोस 11 दिनों तक घने जंगल में अकेले भटकते रहे। अल्जाइमर से पीड़ित होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह खुद को जिंदा रखा। आखिरकार शुक्रवार को पार्क रेंजरों और स्वयंसेवकों की टीम ने उन्हें खोज निकाला। फिलहाल उन्हें मकापा शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
जामुन खाकर और पत्तों पर सोकर बिताए 11 दिन
बचावकर्मियों के मुताबिक, जंगल में फंसे रहने के दौरान डोस सैंटोस जामुन खाकर और प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी पीकर गुजारा करते रहे। रात में सोने के लिए उन्होंने अकाई ताड़ के पत्तों से बिस्तर जैसी जगह भी तैयार कर ली थी। उनकी तलाश में जुटी टीम को उनके पैरों के निशान मिले, जिनकी मदद से रेंजर उन्हें ढूंढने में कामयाब रहे। टीम ने बताया कि बुजुर्ग जंगल में एक ही जगह के आसपास गोल-गोल घूम रहे थे।
युवावस्था में जंगल में कर चुके थे काम
पार्क रेंजर एनियल कार्डोसो के मुताबिक, डोस सैंटोस ने युवावस्था में अमेजन के जंगलों में काम किया था। यही वजह थी कि उन्हें जंगल के रास्तों और वहां मिलने वाले प्राकृतिक संसाधनों की जानकारी थी। उनकी इसी पुरानी समझ ने मुश्किल हालात में खुद को सुरक्षित रखने में मदद की।
पैरों के निशानों से मिली बुजुर्ग की लोकेशन
बुजुर्ग की तलाश में जुटी टीम को जंगल में अकाई ताड़ के पत्तों से बनी बिस्तर जैसी जगह मिली। बचावकर्मियों के मुताबिक, पहला बिस्तर करीब चार दिन पुराना था, जबकि दूसरा उसी सुबह तोड़े गए पत्तों से बनाया गया था। इसे देखकर टीम को अंदाजा हुआ कि डोस सैंटोस आसपास ही कहीं मौजूद हो सकते हैं। इसके बाद तलाशी तेज की गई और आखिरकार वह जंगल के घने हिस्से में मिल गए। उस समय उनके पैरों में जूते नहीं थे और उन्होंने सिर्फ अंतर्वस्त्र पहन रखे थे।
बुजुर्ग को बचाने में रेस्क्यू टीम को करनी पड़ी मशक्कत
पार्क रेंजर कार्डोसो के मुताबिक, जब डोस सैंटोस मिले तो उनकी हालत काफी कमजोर थी। वह ठीक से बोल नहीं पा रहे थे और न ही अपने पैरों पर चलने की स्थिति में थे। उन्हें तेज प्यास भी लगी थी। उनकी तलाश के लिए परिवार के सदस्यों के साथ स्वयंसेवक और सुरक्षा दल लगातार जुटे रहे। बचाव अभियान में अग्निशमन कर्मियों और विशेष टीमों ने जंगल के अंदर तलाशी ली। वहीं, हेलीकॉप्टर और ड्रोन की मदद से भी इलाके पर नजर रखी गई।
मुश्किल हालात में ऐसे पूरा हुआ बचाव अभियान
डोस सैंटोस की तलाश के दौरान बचाव दल ने थर्मल कैमरों की भी मदद ली। हालांकि, उन्हें जंगल से बाहर निकालना आसान नहीं था। रास्ते में घनी झाड़ियां, पानी से भरे इलाके और दलदली जमीन होने के कारण बुजुर्ग चलने में असमर्थ थे। ऐसे में बचावकर्मियों ने रस्सियों की मदद से स्ट्रेचर तैयार किया और काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। कार्डोसो के मुताबिक, डोस सैंटोस उस समय घर से बाहर निकले थे, जब उनके रिश्तेदार पड़ोस में गए हुए थे। उनका घर वर्षावन के बिल्कुल किनारे पर स्थित है। बुजुर्ग को जिंदा खोजने के बाद बचाव दल ने राहत की सांस ली। कार्डोसो ने बताया कि करीब दो महीने पहले इसी इलाके में एक अन्य व्यक्ति लापता हुआ था, लेकिन उसकी तलाश मौत के साथ खत्म हुई थी। ऐसे में डोस सैंटोस को सुरक्षित बचा पाना पूरी टीम के लिए बड़ी राहत की बात रही।
Falak Abdeen 