खराब ओपनिंग से टूट गई थीं शरवरी, वेदांग की एक बात ने दो दिन में बदल दिया पूरा खेल

फिल्म की नाकामी किसी भी कलाकार को निराश कर सकती है, लेकिन शरवरी का नजरिया कुछ अलग है। आखिर वह फिल्म के नतीजे को कब स्वीकार करती हैं और कैसे खुद को संभालती हैं

खराब ओपनिंग से टूट गई थीं शरवरी, वेदांग की एक बात ने दो दिन में बदल दिया पूरा खेल

फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं करती, तो कलाकार को दुख होना लाजमी है। शरवरी का भी मानना है कि किसी फिल्म के पीछे सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत लगी होती है। ऐसे में फिल्म से भावनात्मक जुड़ाव हो जाता है और वह महज एक प्रोजेक्ट नहीं रह जाती, बल्कि अपनी लगने लगती है। उन्होंने कहा कि जब फिल्म सफल होती है, तो ऐसा महसूस होता है जैसे पूरी दुनिया उनके इर्द-गिर्द घूम रही हो। हालांकि, शरवरी ने बताया कि वह निराशा में ज्यादा समय तक नहीं रहतीं और जल्दी खुद को संभालकर आगे बढ़ने की कोशिश करती हैं। उनका मानना है कि जिंदगी में हमेशा एक और मौका मिलता है और आगे बहुत कुछ करने का अवसर रहता है। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह अपनी फिल्म परिवार और दोस्तों के साथ देखने के बाद ही उसके नतीजे को स्वीकार करती हैं। जब तक अपनों के साथ फिल्म देखकर जश्न नहीं मना लेतीं, उनके लिए फिल्म का सफर जारी रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की राय से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता और वह सकारात्मक रहना पसंद करती हैं।

खराब ओपनिंग के बाद भी नहीं छोड़ी उम्मीद

शरवरी ने बताया कि फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। कमजोर ओपनिंग देखकर वह और वेदांग रैना दोनों काफी निराश हो गए थे। उस मुश्किल वक्त में दोनों ने एक-दूसरे को संभाला और भरोसा दिलाया कि अभी फिल्म का सफर खत्म नहीं हुआ है। शरवरी के मुताबिक, दर्शकों से फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की बातें सुनकर उन्हें उम्मीद थी कि आने वाले दिनों में हालात बदल सकते हैं। हालांकि, मन में निराशा थी, लेकिन दोनों एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते रहे। एक्ट्रेस ने बताया कि सोमवार से फिल्म की कमाई और दर्शकों के रुझान में बदलाव दिखने लगा। शुरुआत धीमी जरूर रही, लेकिन महज दो दिनों बाद फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली। इसके बाद उन्हें फिल्म का एक अलग ही सफर देखने को मिला। शरवरी के लिए यह अनुभव खास रहा, क्योंकि शुरुआती निराशा के बाद फिल्म का ग्राफ तेजी से ऊपर जाने लगा।

महत्वाकांक्षी लड़कियों पर शरवरी ने उठाए सवाल

फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में शरवरी एक ऐसी लड़की की भूमिका निभा रही हैं, जो अपने करियर को लेकर गंभीर है और परिवार की जिम्मेदारियां भी बखूबी निभाती है। वह अपने फैसलों पर डटी रहती है, लेकिन असल जिंदगी में ऐसी सोच रखने वाली लड़कियों को कई बार 'ट्रबल मेकर' का तमगा दे दिया जाता है। शरवरी का मानना है कि समाज आज भी लड़के और लड़कियों की महत्वाकांक्षाओं को अलग-अलग नजरिए से देखता है। एक्ट्रेस ने बताया कि वह खुद एक प्रगतिशील परिवार में पली-बढ़ी हैं, इसलिए उन्हें इस तरह के भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने अपनी कई दोस्तों को ऐसी परिस्थितियों से गुजरते देखा है। शरवरी के मुताबिक, अगर कोई लड़की अपने काम और करियर को प्राथमिकता देती है, तो उसे कई बार मुश्किल स्वभाव का कह दिया जाता है। वहीं, लड़कों का महत्वाकांक्षी होना सामान्य माना जाता है। उन्होंने इसी सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाज में यह फर्क आज भी देखने को मिलता है।

मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने की अपील

शरवरी का मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उदासी या परेशानी महसूस होने पर मन की बात किसी भरोसेमंद व्यक्ति से जरूर साझा करनी चाहिए। उनके मुताबिक, बातचीत ही इसका सबसे आसान तरीका है। लोगों को एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए और मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करनी चाहिए।