UP Election 2027: 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को ₹40 हजार सालाना! 26 नवंबर को सपा खोलेगी चुनावी वादों का पिटारा

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा 26 नवंबर को बड़े वादों के साथ अपना घोषणापत्र जारी कर सकती है। 300 यूनिट मुफ्त बिजली से लेकर महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन तक, जानिए अखिलेश यादव के पिटारे में क्या-क्या हो सकता है!

UP Election 2027: 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को ₹40 हजार सालाना! 26 नवंबर को सपा खोलेगी चुनावी वादों का पिटारा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी संविधान दिवस के मौके पर अपना 'जन-मन घोषणापत्र' जारी कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने इसे 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया है। इस घोषणापत्र में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को खास जगह दी जा सकती है। इसमें महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद देने जैसे वादे शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने का भी प्रस्ताव है। खास बात यह है कि सपा प्रदेश स्तर के साथ-साथ जिला और लखनऊ के लिए अलग-अलग घोषणापत्र भी जारी कर सकती है।

तीन स्तर पर आएगा सपा का घोषणापत्र, खड़गे भी होंगे शामिल

समाजवादी पार्टी अपने घोषणापत्र को तीन अलग-अलग स्तरों पर जारी कर सकती है। इसमें पहला घोषणापत्र प्रदेश स्तर का होगा, जिसमें पूरे उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी की योजनाओं और चुनावी वादों का जिक्र रहेगा। इसके अलावा जिला और लखनऊ के लिए भी अलग घोषणापत्र तैयार किए जाने की चर्चा है। घोषणापत्र जारी होने के बाद पार्टी संविधान मार्च भी निकाल सकती है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।

महिलाओं और युवाओं के लिए खास वादे

समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित घोषणापत्र में महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने, स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा शामिल हो सकता है। गरीब परिवारों को बिना कार्ड मुफ्त इलाज और लखनऊ में छात्र-छात्राओं को मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि पार्टी का यह घोषणापत्र पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की निगरानी में तैयार किया गया है। इसमें सिर्फ आर्थिक योजनाओं ही नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा, लोकतंत्र और आरक्षण जैसे मुद्दों को भी जगह दी गई है। इसके अलावा रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय को लेकर भी पार्टी अपना रुख जनता के सामने रख सकती है।

अखिलेश का भाजपा पर निशाना

अखिलेश यादव ने 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाने का लक्ष्य दोहराया है। उन्होंने आरोपित अधिकारियों की चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात भी कही। वहीं, सपा अपने घोषणापत्र के जरिए पीडीए, रोजगार, आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों को बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी में है।