यूपी में कौन होगा CM फेस,केशव मौर्य के सवाल पर योगी ने दिया बड़ा जवाब

यूपी में 2027 के CM फेस को लेकर सियासी चर्चा के बीच योगी आदित्यनाथ ने केशव मौर्य के बयान पर जवाब दिया है। साथ ही माफियाओं और अपराधियों को लेकर ऐसा क्या कहा, जिसने सबका ध्यान खींचा? जानिए पूरी बात।

यूपी में कौन होगा CM फेस,केशव मौर्य के सवाल पर योगी ने दिया बड़ा जवाब

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही चर्चा पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी बात रखी है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के '2027 में कमल का फूल ही CM फेस होगा' वाले बयान पर योगी ने कहा कि चुनाव सभी को कमल के निशान पर ही लड़ना है। उन्होंने कहा, "मैं भी कमल के फूल पर चुनाव लड़ूंगा। कमल का फूल हमारे लिए सब कुछ है।" वहीं, एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन 2026 में योगी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और माफिया-अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कार्रवाई एक बार की प्रक्रिया नहीं, बल्कि लगातार चलने वाला काम है। अपनी बात समझाते हुए उन्होंने घर की सफाई का उदाहरण दिया और कहा कि त्योहारों पर रंगाई-पुताई होती है, लेकिन झाड़ू-पोछा रोज लगाना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त रुख जताते हुए कहा कि किसी बेटी को गलत नजर से देखने वाले के सामने जेल या जहन्नुम के अलावा कोई रास्ता नहीं होगा।

मैं हिंदू-मुस्लिम नहीं करता...

एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने कभी हिंदू-मुस्लिम के आधार पर राजनीति नहीं की, बल्कि हमेशा कानून-व्यवस्था और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचा है। योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को धर्म या पहचान के आधार पर सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखा गया।

मथुरा से काशी तक धार्मिक नारों पर योगी का जवाब

 मथुरा, अयोध्या और काशी में धार्मिक नारों को लेकर चल रही बयानबाजी पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। योगी ने कहा कि मथुरा में 'राधे-राधे', अयोध्या में 'जय श्रीराम' और काशी में 'हर-हर महादेव' कहा जाता है, क्योंकि ये सभी आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी विरासत और विकास को साथ लेकर चलती है। अखिलेश यादव के 'राधे-राधे' वाले बयान पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा, 'राम नाम सत्य है, जो समाजवादी पार्टी करने जा रही है।'

माफियाओं और अपराधियों को योगी की सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि महिलाओं, व्यापारियों और निवेशकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी किसी बेटी या राह चलती महिला पर गलत नजर डालेगा, उसके लिए सिर्फ दो रास्ते होंगे- जेल या जहन्नुम। योगी ने साफ किया कि अपराध के खिलाफ सरकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

तीसरी बार सरकार बनने पर क्या होगा लक्ष्य? योगी ने बताया विजन

2027 में दोबारा सरकार बनने पर प्राथमिकता पूछे जाने पर योगी ने कहा कि उनका लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप यूपी में सुरक्षा और सुशासन के मॉडल को लगातार आगे बढ़ाना है। उन्होंने प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और आत्मनिर्भर व विकसित यूपी के सपने को पूरा करने की बात कही। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यूपी देश की तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और बीजेपी सरकार प्रदेश की आर्थिक संभावनाओं को और मजबूत करने पर काम करेगी।