पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर विवाद, FWICE ने नेटफ्लिक्स से की बैन की मांग

पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज से पहले ऐसा क्या हुआ कि FWICE ने नेटफ्लिक्स से इसे बैन करने की मांग कर दी? जानिए पूरे विवाद की वजह

पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर विवाद, FWICE ने नेटफ्लिक्स से की बैन की मांग

पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संगठन फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने इसके भारतीय प्लेटफॉर्म पर रिलीज किए जाने पर सवाल उठाए हैं। संगठन के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने नेटफ्लिक्स से अपील की है कि वह इस सीरीज को भारत में रिलीज न करे।

4 दिसंबर को होनी है सीरीज की रिलीज

जानकारी के मुताबिक, यह पाकिस्तानी सीरीज 4 दिसंबर 2026 को भारत में रिलीज होने वाली है। FWICE ने इसका विरोध करते हुए कहा है कि पाकिस्तान से जुड़े मनोरंजन कंटेंट को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराया जाना चाहिए। अशोक पंडित ने नेटफ्लिक्स से मौजूदा हालात और लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।

प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग

इस मामले को लेकर FWICE ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने की अपील की है। संगठन ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गृह मंत्रालय से भी सीरीज की भारत में रिलीज रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित का कहना है कि सीरीज से जुड़े कुछ पाकिस्तानी कलाकारों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और भारतीय सुरक्षा बलों को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए थे। ऐसे में संगठन का मानना है कि भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तानी कलाकारों और प्रोडक्शन को व्यावसायिक मौका देना सही नहीं है।

रिलीज हुई तो नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स का होगा विरोध

अशोक पंडित ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर नेटफ्लिक्स ने FWICE की अपील को नजरअंदाज कर सीरीज भारत में रिलीज की, तो संगठन उसके प्रोजेक्ट्स के साथ असहयोग कर सकता है। इसके तहत भारतीय फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कलाकार, तकनीशियन और अन्य कर्मचारी नेटफ्लिक्स के लिए भारत में बनने वाले प्रोजेक्ट्स में काम नहीं करेंगे।

क्या है सीरीज की कहानी और कौन-कौन हैं मुख्य कलाकार

'जो बचे हैं संग समेट लो' मशहूर लेखिका फरहत इश्तियाक के लोकप्रिय उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इसकी कहानी तीन पीढ़ियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसमें छह अलग-अलग प्रेम कहानियों को दिखाया गया है। सीरीज का निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, हमजा अली अब्बासी और अहद रजा मीर जैसे चर्चित पाकिस्तानी कलाकार नजर आएंगे।

सिने वर्कर्स संगठन भी उठा चुके हैं रिलीज पर रोक की मांग

इससे पहले ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की भारत में रिलीज रोकने की मांग कर चुका है। अब FWICE की आपत्ति के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है। वहीं, एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने भी सीरीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। पार्टी प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा है कि इस पाकिस्तानी वेब सीरीज को भारत में रिलीज नहीं किया जाना चाहिए। इस तरह सीरीज की प्रस्तावित रिलीज को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से विरोध सामने आ रहा है।

एक और पाकिस्तानी ड्रामे की स्क्रीनिंग पर लगा ब्रेक

पाकिस्तानी मनोरंजन कंटेंट को लेकर बढ़ता विरोध अब Netflix की सीरीज तक ही सीमित नहीं रह गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी ड्रामा 'दर-ए-निजात' की बेंगलुरु में होने वाली दो निजी स्क्रीनिंग भी रद्द कर दी गई हैं। ये स्क्रीनिंग 28 नवंबर और 5 दिसंबर को आयोजित होनी थीं। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर ड्रामे के खिलाफ उठी आवाजों और विरोध के बाद आयोजकों ने इन्हें रद्द करने का फैसला किया।