बिहार के अनंत सिंह और आनंद मोहन को सरेंडर का आदेश, क्या फिर जाना होगा जेल?
सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने और अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का आदेश दिया है। जानिए दोनों नेताओं से जुड़े मामलों और अदालती फैसले की पूरी जानकारी।
बिहार की राजनीति के दो चर्चित नेताओं अनंत सिंह और आनंद मोहन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों से जुड़े मामलों में सरेंडर करने का आदेश दिया है। पूर्व सांसद आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा, जबकि मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को 4 दिसंबर 2026 तक अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है।
दोनों नेता अलग-अलग मामलों में जेल से बाहर आए थे। आनंद मोहन का मामला गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या से जुड़ा है, जबकि अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड में आरोपी हैं।
Anand Mohan Case: एक महीने में सरेंडर करना होगा
5 दिसंबर 1994 को गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। निचली अदालत ने उन्हें मृत्युदंड सुनाया था, जिसे पटना हाईकोर्ट ने बाद में आजीवन कारावास में बदल दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था।
साल 2023 में बिहार सरकार ने जेल मैन्युअल में संशोधन किया था। इसके बाद 24 अप्रैल 2023 को सजा में छूट यानी Remission देकर आनंद मोहन को रिहा कर दिया गया था। इस रिहाई को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
26 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई के फैसले को रद्द करते हुए आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया। अदालत के मुताबिक, जेल मैन्युअल में बदलाव के पीछे बिहार सरकार कोई वैध सार्वजनिक उद्देश्य बताने में सफल नहीं रही। कोर्ट ने इस फैसले को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के उल्लंघन से जुड़ा माना।
Anant Singh Case: 4 दिसंबर तक करना होगा सरेंडर
दूसरा मामला मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से जुड़ा है। 30 अक्टूबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मोकामा में अनंत सिंह और जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों के काफिले आमने-सामने आ गए थे। इसी दौरान हुई हिंसा में दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी।
इस मामले में अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में मार्च 2026 में उन्हें रिहाई मिल गई। इसके बाद दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने पटना हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। याचिका में अनंत सिंह की जमानत रद्द कर उन्हें दोबारा जेल भेजने की मांग की गई थी।
याचिकाकर्ता का आरोप था कि हाईकोर्ट ने जमानत देते समय अनंत सिंह के आपराधिक इतिहास को पर्याप्त महत्व नहीं दिया। इस मामले में 30 अक्टूबर 2026 को सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया था।
अनंत सिंह ने पहले कहा था कि वह अपनी बेटी शिवांगी की शादी के बाद सरेंडर करेंगे। 25 नवंबर को उनकी बेटी की शादी संपन्न हो चुकी है। ऐसे में अब उनके सरेंडर करने की संभावना है।
अनंत सिंह और नीलम देवी 6 साल के लिए JDU से निष्कासित
अनंत सिंह को पार्टी की तरफ से भी झटका लगा है। बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच खींचतान की खबरें सामने आई थीं। इसके बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
इसके अलावा अनंत सिंह की विधायकी रद्द करने की मांग भी उठी है। विधानसभा अध्यक्ष की ओर से उन्हें नोटिस भेजकर अपना पक्ष रखने और जवाब देने का मौका दिया गया है। ऐसे में उनकी विधायकी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
दोनों नेताओं से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आनंद मोहन और अनंत सिंह कब अदालत के आदेश के मुताबिक सरेंडर करते हैं।
saloni 