UP MLC Election Result 2026: वाराणसी में सपा का क्लीन स्वीप, अखिलेश यादव ने कसा तंज- ‘डबल इंजन, डबल जीरो’

UP MLC Election Result 2026 में बीजेपी ने 6 और सपा ने 5 सीटें जीतीं. वाराणसी में आशुतोष सिन्हा की जीत और अखिलेश यादव के बयान की पूरी जानकारी जानें.

UP MLC Election Result 2026: वाराणसी में सपा का क्लीन स्वीप, अखिलेश यादव ने कसा तंज- ‘डबल इंजन, डबल जीरो’
Image X Handle- @HasanSabhasad

UP MLC Election Result 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनावों के हालिया परिणामों ने सूबे की राजनीतिक सरगर्मी को काफी तेज कर दिया है. इन चुनावों में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (SP) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है. एक तरफ जहां बीजेपी ने अपनी कई पुरानी सीटों पर कब्जा बरकरार रखा है, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने वाराणसी जैसी प्रतिष्ठित सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए भगवा खेमे को बड़ा झटका दिया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ये नतीजे आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत के रूप में देखे जा रहे हैं. 

वाराणसी में समाजवादी पार्टी का जलवा, दोनों सीटों पर कब्जा

वाराणसी स्नातक (ग्रेजुएट्स) निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है. इस सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा ने शानदार जीत हासिल करते हुए बाजी अपने नाम कर ली है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार केदारनाथ सिंह को 18,459 वोटों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी है. मतगणना के 23वें दौर के पूरे होने के बाद आंकड़ों के मुताबिक: 

आशुतोष सिन्हा (सपा): कुल 53,573 वोट मिले 

केदारनाथ सिंह (बीजेपी): कुल 35,114 वोट मिले 

यह जीत आशुतोष सिन्हा के लिए बेहद खास है, क्योंकि वे इस जीत के साथ दूसरी बार एमएलसी के रूप में निर्वाचित हुए हैं. अपनी इस बड़ी जीत के बाद उत्साह से भरे आशुतोष सिन्हा ने मीडिया से बातचीत करते हुए एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया और कहा, ‘अभी तो यह झांकी है, पूरा उत्तर प्रदेश बाकी है.' गौरतलब है कि वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने केवल स्नातक सीट पर ही नहीं, बल्कि शिक्षक निर्वाचन सीट पर भी परचम लहराया है. वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने पहले ही शानदार जीत दर्ज कर ली थी. इस प्रकार, वाराणसी की दोनों विधान परिषद सीटों पर सपा का कब्जा हो गया है.

अखिलेश यादव का तंज: ‘डबल इंजन, डबल जीरो’

वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश की कई एमएलसी सीटों पर समाजवादी पार्टी के शानदार प्रदर्शन से पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बेहद उत्साहित नजर आए. नतीजों के तुरंत बाद उन्होंने प्रदेश की मौजूदा योगी सरकार पर तीखा तंज कसते हुए सोशल मीडिया और बयानों के जरिए हमला बोला. अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के शासनकाल का ‘डबल इंजन, डबल जीरो’ साबित हो रहा है. अखिलेश यादव ने इन परिणामों को भारतीय जनता पार्टी के लिए एक करारा झटका करार दिया और दावा किया कि इन एमएलसी चुनावों में बीजेपी का प्रभाव काफी हद तक कमजोर हुआ है. 

एमएलसी चुनावों का पूरा गणित: किसने कितनी सीटें जीतीं?

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इन चुनावों में दोनों प्रमुख दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP): पार्टी ने अपनी मजबूत पकड़ वाली 6 सीटें बरकरार रखने में सफलता हासिल की है. बीजेपी ने मेरठ, बरेली-मुरादाबाद, लखनऊ, आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद की सीटों पर जीत दर्ज की. हालांकि, गोरखपुर-फैजाबाद टीचर सीट पर मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां बीजेपी ने बेहद मामूली अंतर यानी महज 307 वोटों से जीत हासिल की. समाजवादी पार्टी  ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 5 सीटों पर जीत दर्ज की है. पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार सपा की सीटों में दो सीटों की बढ़ोतरी हुई है. 

वाराणसी की दोनों सीटों के अलावा समाजवादी पार्टी ने जिन अन्य सीटों पर जीत का परचम लहराया, उनमें प्रमुख रूप से आगरा टीचर सीट, इलाहाबाद-झांसी ग्रेजुएट सीट, और लखनऊ ग्रेजुएट सीट शामिल हैं.