सेना की चेकपोस्ट उड़ाने की साजिश,मेरठ के उजेद की चैट से खुला खतरनाक प्लान

मेरठ से गिरफ्तार उजेद की चैट से सेना की चेकपोस्ट को निशाना बनाने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। सेशन ऐप पर दूसरे संदिग्ध आतंकियों के साथ हुई बातचीत में विस्फोटक जैकेट से हमले की योजना सामने आई है।

सेना की चेकपोस्ट उड़ाने की साजिश,मेरठ के उजेद की चैट से खुला खतरनाक प्लान

मेरठ से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी उजेद को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान सामने आई उसकी चैट से सेना के जवानों को निशाना बनाने की कथित साजिश का पता चला है। चैट में उजेद सेशन ऐप पर एक ग्रुप के जरिए दूसरे संदिग्ध आतंकियों के संपर्क में था। बातचीत से संकेत मिले हैं कि ये लोग विस्फोटक जैकेट के जरिए सेना की चेकपोस्ट को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

सेना की चेकपोस्ट को निशाना बनाने की थी तैयारी

नवंबर 2025 में जम्मू में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी साजिद को लेकर अब कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तानी हैंडलर आमिर हमजा और मेरठ के उजेद के संपर्क में था। आरोप है कि उसे फिदायीन हमले के लिए तैयार किया जा रहा था। हालांकि, चेकपोस्ट की रेकी करने पहुंचने पर सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया था। जांच में '005 ब्रिगेड' नाम के एक ग्रुप की चैट सामने आई है। इस ग्रुप में कुल पांच सदस्य थे और 8 नवंबर 2025 को हुई बातचीत में सेना की चेकपोस्ट को निशाना बनाने की कथित योजना पर चर्चा की गई थी। चैट में पाकिस्तानी हैंडलर आमिर हमजा, जिसका कोडनेम 'ड्रग्स' बताया गया है, साजिद को बम जैकेट के साथ आर्मी चेकपोस्ट भेजने की बात करता है। इस पर साजिद हमले के लिए तैयार होने की बात कहता है, जबकि उजेद जैकेट के बारे में सवाल करता है। बातचीत में आमिर हमजा कथित तौर पर कहता है कि जैकेट घर में ही बना ली जाएगी। इस चैट से जांच एजेंसियों को नेटवर्क और हमले की कथित योजना से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है।

मुस्लिमों पर कथित जुल्म का हवाला देकर लोगों को भड़काता था उजेद

पुलिस के मुताबिक, उजेद अलग-अलग ऑनलाइन ग्रुप के जरिए लोगों को जोड़कर मुजाहिद्दीनों की बड़ी फौज तैयार करना चाहता था। इसके लिए वह भारत में मुसलमानों के साथ कथित ज्यादती का हवाला देकर लोगों को भड़काता था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसकी योजना ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की थी। जांच में यह भी सामने आया है कि उजेद ने इंस्टाग्राम पर Kmaran786 (किश्तवाड़), Drugsjihadi (पाकिस्तान), Abumusailhafs (पाकिस्तान) और Ibneaadam99 नाम से चार अकाउंट बनाए थे। इसके अलावा उसने इंस्टाग्राम और सेशन ऐप पर Tution40 और 005Brigade नाम से दो ग्रुप भी तैयार किए थे। पुलिस इन अकाउंट्स और ग्रुप्स के जरिए उसके संपर्कों और कथित आतंकी नेटवर्क की जांच कर रही है।

ऑनलाइन ग्रुप के जरिए आतंकियों के संपर्क में था उजेद

जांच में सामने आया है कि उजेद सोशल मीडिया के कई ग्रुप के जरिए दूसरे संदिग्ध आतंकियों के संपर्क में था। इनमें PoK के आमिर हमजा, अबू मुसाब, फुरकान और कामरान शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर 'Al-Muzzahid' नाम से भी एक अलग ग्रुप बनाया गया था, जिसमें अबू हमजा, अबू मुसाद और कामरान जुड़े थे। पुलिस के मुताबिक, शहजाद भट्टी के बनाए गए एक ग्रुप में भी उजेद शामिल था। जांच एजेंसियों के अनुसार, उजेद पिछले करीब छह महीने से जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था। साजिद से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर मंगलवार को उजेद को मेरठ से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर फिदायीन हमले को लेकर बातचीत कर रहा था। अब जांच एजेंसियां उसके ऑनलाइन नेटवर्क और अन्य संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं।