'छोटी बहू के पर निकल आएं है...' क्यों आई थी Sonia Gandhi और Maneka Gandhi के रिश्ते में खटास? देती थी गंदी गालियां

सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' में मेनका गांधी की एंट्री, इंदिरा गांधी से विवाद और गांधी परिवार छोड़ने की कहानी सामने आई है. S

'छोटी बहू के पर निकल आएं है...' क्यों आई थी Sonia Gandhi और Maneka Gandhi के रिश्ते में खटास? देती थी गंदी गालियां
Image From Instagram: onia_ji_inc

गांधी परिवार का इतिहास भारतीय राजनीति का वह पन्ना है, जिसके हर हिस्से को जानने के लिए लोग हमेशा उत्सुक रहते हैं. हाल ही में सोनिया गांधी की यादों पर आधारित किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ़ लव' (Belonging: A Journey of Love) रिलीज़ हुई है. इस किताब में सोनिया गांधी ने मेनका गांधी के गांधी परिवार में प्रवेश, दोनों बहुओं के रिश्तों, परिवार के अंदरूनी कलह और आखिरकार मेनका के घर छोड़ने की पूरी दास्तान को बहुत ही बारीकी से बयां किया है. यह किताब उन दिनों की याद ताजा करती है जब मेनका महज 18 साल की उम्र में इस देश के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार की 'छोटी बहू' बनकर आई थीं.

जब 18 साल की मेनका बनीं गांधी परिवार की 'छोटी बहू'

साल 1973 के आखिर की बात है, जब संजय गांधी की मुलाकात मेनका से हुई थी. सोनिया गांधी लिखती हैं कि मेनका उस समय एक बेहद सुंदर, ज़िंदादिल, बहुत ही जोशीली और बातूनी लड़की थीं, जो संजय से पूरे दस साल छोटी और नाबालिग थीं. महज एक साल के भीतर दोनों की शादी हो गई और मेनका आधिकारिक तौर पर गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं. शुरुआती दिन काफी खुशनुमा थे. घर में छोटी भाभी का आना सोनिया गांधी के लिए एक ताज़गी भरा अहसास था. सोनिया अपनी किताब में बताती हैं कि वे अक्सर एमी आंटी के कमरे से मेनका की हंसी की आवाज़ें सुनती थीं. प्रियंका गांधी (सोनिया की बेटी) भी अक्सर अपनी चाची (मेनका) के कमरे में बैठकर उन्हें बड़े चाव से सुनती और उनकी कहानियों में खो जाती थीं. 

धीरे-धीरे बदलने लगा घर का माहौल और बढ़ने लगी दूरियां

वक्त के साथ घर की फिजा बदलने लगी और छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ाहट बढ़ने लगी. परिवार में दोनों बहुओं की एक पहचान बन गई थी स्टाफ और बाहरी लोग बड़ी बहू (सोनिया गांधी) को 'बहुरानी' कहते थे, जबकि छोटे भाई की पत्नी मेनका को 'छोटी बहू' कहा जाता था. सोनिया गांधी का कहना है कि इंदिरा गांधी दोनों को घर की बराबर बेटियां मानती थीं, लेकिन मेनका ने इस संबोधन को शायद अपने आत्मसम्मान पर ठेस और एक 'अपमान' के तौर पर लिया. शादी के बाद मेनका को 12, सफदरजंग रोड वाला प्रधानमंत्री आवास काफी 'सुस्त और बंधा हुआ' लगने लगा, क्योंकि परिवार का हर सदस्य अपने कामों में व्यस्त रहता था. हालांकि, संजय गांधी के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों और दौरों में जाने के बाद वह धीरे-धीरे वहां की आबोहवा में ढलीं. लेकिन इसके साथ ही घर में तनाव भी बढ़ने लगा था. 

संजय और मेनका के रिश्ते, और राजीव गांधी से मतभेद

जैसे-जैसे समय बीता, संजय और मेनका के बीच की अनबन बेडरूम की चारदीवारी से बाहर आने लगी. उनके बीच तीखी बहसें और शोर-शराबा आम होने लगा था. सोनिया लिखती हैं कि मेनका जब गुस्से में होती थीं, तो वे अपनी सास (इंदिरा गांधी) के सामने भी ऐसी भाषा या गालियां इस्तेमाल कर देती थीं जो उस घर में पूरी तरह वर्जित थीं. इससे परिवार के लोगों को गहरा झटका लगता था और इंदिरा गांधी को शर्मिंदगी उठानी पड़ती थी. एक बड़े और संयुक्त परिवार में रहना एक स्वतंत्र स्वभाव वाली लड़की के लिए आसान नहीं रहा होगा. इसके अलावा, राजनीति के मोर्चे पर भी उथल-पुथल मची हुई थी. मार्च 1977 में इमरजेंसी के तुरंत बाद कांग्रेस पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था. इंदिरा गांधी और संजय गांधी दोनों अपने-अपने गढ़ रायबरेली और अमेठी से चुनाव हार गए थे. इस हार के बाद संजय गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं और उनके कुछ बयानों ने पार्टी के भीतर हलचल पैदा कर दी. इंदिरा गांधी को यह महसूस होने लगा था कि मेनका संजय को रोकने के बजाय उनकी राजनीतिक गतिविधियों और जिद को और बढ़ावा दे रही हैं. इंदिरा गांधी ने देश के कैबिनेट सचिव पीएन धर से अपनी छोटी बहू के बारे में तंज कसते हुए कहा था 'उसके अभी से पर निकलने लगे हैं.'

पारिवारिक कलह और तीखी बयानबाजी

घर के भीतर हालात तब और बदतर हो गए जब राजीव गांधी ने यह महसूस किया कि 1978 के चुनावों में पार्टी की हार के पीछे संजय गांधी की जिद और बिना सोचे-समझे लिए गए फैसले जिम्मेदार थे. एक पारिवारिक चर्चा के दौरान राजीव गांधी ने गुस्से में संजय से कहा था, 'मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता, संजय, तुमने मां को इस हालत में पहुंचा दिया है.' इस पर इंदिरा गांधी ने भी सहमति जताते हुए कहा, 'राजीव ने जो कहा वह सच है, संजय! तुमने कितनी बार मेरी जानकारी के बिना फैसले लिए हैं और ऑर्डर दिए हैं.'

जब बीच-बचाव करने के लिए मेनका आगे आईं, तो इंदिरा गांधी ने उन्हें ऊंचे स्वर में चुप रहने को कह दिया. हालांकि मेनका उस वक्त पीछे हट गईं, लेकिन उनके दिल में परिवार के प्रति दुश्मनी और गहरी हो गई. सोनिया गांधी के अनुसार, इसके बाद मेनका की व्यंग्यात्मक टिप्पणियां लगातार परेशान करने वाली बन गईं. यहां तक कि पत्रकारों के जरिए परिवार के खिलाफ कहानियां भी फैलाई गईं, जिसमें यह सरासर झूठ भी शामिल था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर भाग जाएंगे.

संजय गांधी की मौत और घर छोड़ने की वो नाटकीय घटना

23 जून 1980 को एक विमान दुर्घटना में संजय गांधी की अचानक मौत हो गई. इस त्रासदी ने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया। इसके बाद हालात और भी ज्यादा गंभीर हो गए. सोनिया गांधी लिखती हैं कि मेनका की मां पार्टी के भीतर उन लोगों को उकसा रही थीं जो संजय के वफादार थे, ताकि वे संजय की विधवा मेनका के लिए किसी बड़े राजनीतिक पद की मांग करें. लेकिन इंदिरा गांधी का मानना था कि 23 साल की मेनका अभी राजनीति के लिए बहुत छोटी और नासमझ हैं. ऊपर से उनके पास तीन महीने का एक छोटा बच्चा था, जिसकी देखभाल उनकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए थी. इंदिरा गांधी चाहती थीं कि मेनका कुछ वक्त सब्र रखें, उनके राजनीतिक सपनों के लिए आगे चलकर काफी समय मिल जाएगा. लेकिन मेनका की प्राथमिकताएं कुछ और थीं. मार्च 1981 में विवाद तब अपने चरम पर पहुंच गया जब मेनका ने अपने बेटे फिरोज वरुण गांधी का पहला जन्मदिन वसुंधरा राजे के घर पर मनाया, जो उस समय आरएसएस की मुखर समर्थक और इंदिरा गांधी की बड़ी राजनीतिक विरोधी थीं. जब इंदिरा गांधी विदेश यात्रा पर थीं, तब मेनका ने घर से अपना सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया. वापसी पर इंदिरा गांधी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और मेनका के सामने दो टूक विकल्प रख दिया या तो शालीनता से घर में रहें, या फिर कहीं और अपना आशियाना बनाएं.

एक हंगामा, जो आज के 'रियलिटी शो' जैसा था

किताब के मुताबिक, मेनका ने जाने से पहले कई तरह के तीखे आरोपों से भरा एक संदेश भेजा, जिसका साफ मकसद इंदिरा गांधी को सार्वजनिक रूप से नुकसान पहुंचाना और एक बड़ा राजनीतिक हंगामा खड़ा करना था। उन्होंने अपने इस प्लान की रूपरेखा हफ़्तों पहले ही अपने एक पत्रकार दोस्त को बता दी थी. जब मेनका ने घर छोड़ा, तब राजीव और सोनिया गांधी घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद इस पूरी घटना का ठीकरा उन्हीं दोनों के सिर फोड़ा गया. सोनिया गांधी लिखती हैं कि इस पूरी घटना को मीडिया और प्रोपेगैंडा के जरिए जिस तरह से सनसनीखेज बनाया गया, उसने उस दौर की इस घटिया घटना को आज के किसी 'रियलिटी शो' जैसा बना दिया है. इसके बाद के सालों में गांधी परिवार और मेनका के बीच कानूनी लड़ाइयां भी लड़ी गईं, जिसमें फिरोज वरुण गांधी से मिलने के अधिकारों को लेकर भी लंबी खींचतान चली.