बॉस हो तो ऐसा! दिवाली बोनस में iPhone 16 पाकर खिल उठे कर्मचारियों के चेहरे | Video Viral

दिल्ली की फाइनेंसरसाब कंपनी ने दिवाली बोनस में कर्मचारियों को iPhone 16 गिफ्ट किया. वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं.

बॉस हो तो ऐसा! दिवाली बोनस में iPhone 16 पाकर खिल उठे कर्मचारियों के चेहरे | Video Viral
Image From Instagram: @financersaab2.0

दीपावली का पावन पर्व सिर्फ रोशनी और दीयों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह खुशियों को बांटने, दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने और सबसे बढ़कर ऑफिस से मिलने वाले दिवाली बोनस व गिफ्ट्स के इंतज़ार का समय होता है. आमतौर पर कंपनियां अपने कर्मचारियों को मिठाई का डिब्बा, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स या कोई छोटा-मोटा उपहार देकर फॉर्मेलिटी पूरी कर लेती हैं. लेकिन इस बार दिल्ली की एक स्टार्टअप कंपनी ने कुछ ऐसा कर दिखाया कि सोशल मीडिया पर तहलका मच गया. इस कंपनी ने अपने कर्मचारियों को दिवाली बोनस के रूप में कोई आम तोहफा नहीं, बल्कि सीधे iPhone 16 गिफ्ट कर दिया. जैसे ही इसका वीडियो इंटरनेट पर आया, वह आग की तरह वायरल हो गया और हर तरफ इसी की चर्चा हो रही है.

कर्मचारियों की टेबल पर सजे मिले रंग-बिरंगे आईफोन

नई दिल्ली के रोहिणी स्थित फाइनेंशियल फर्म 'फाइनेंसरसाब' (FinancerSaab) ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट @financersaab2.0 पर इस शानदार सेलिब्रेशन का वीडियो शेयर किया है. महज 15 सेकंड के इस छोटे से वीडियो में जो नजारा दिखता है, उसने देखने वालों के होश उड़ा दिए. ऑफिस के अंदर सभी कर्मचारियों की टेबल पर कंप्यूटर स्क्रीन के ठीक सामने चमकता हुआ बिल्कुल नया iPhone 16 रखा हुआ है. हर एक आईफोन को बड़े ही प्यार और खूबसूरती से रंग-बिरंगे रिबन से सजाया गया है. वीडियो के अंत में महिला कर्मचारियों के चेहरे पर जो मुस्कान और खुशी साफ झलकती है, वह वाकई देखने लायक है. कंपनी ने इस वीडियो के साथ बेहद मजेदार कैप्शन लिखा है- 'कोई कॉम्पिटिशन नहीं। आपको क्या मिला?.'

सोशल मीडिया पर आई कमेंट्स की बाढ़, लोगों ने लिए जमकर मजे

यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया और इस पर मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. वीडियो को देखकर कई यूजर्स को अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं हुआ. कुछ हैरान यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में पूछ लिया कि क्या यह वीडियो असली है या फिर किसी एआई (AI) टूल की मदद से बनाया गया है? इस पर कंपनी ने हंसते हुए जवाब दिया और स्पष्ट किया कि वीडियो एकदम सच है, कोई एजी या आर्टिफिशियल कमाल नहीं है. इसके बाद तो सोशल मीडिया यूजर्स की मौज आ गई. एक यूजर ने तुरंत उत्सुकता दिखाते हुए पूछ लिया, "भैया, क्या इस कंपनी में अभी कोई वैकेंसी खाली है?.' एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि ऐसे वीडियो देखकर अपनी किस्मत से जलन होने लगती है, इसलिए उन्हें दिवाली पर इंस्टाग्राम चलाना ही बंद करना पड़ेगा. वहीं, एक मायूस यूजर ने दुख जताते हुए लिखा कि उन्हें अपने ऑफिस के बॉस से मिठाई के रूप में 'सोन पापड़ी का डिब्बा' तक नसीब नहीं हुआ.