India Nepal Development : बिजली, तेल और रेल...नेपाल को नया रूप देने में जुटा भारत, जानिए क्या-क्या हो रहा निर्माण
पीएम बालेन शाह के भारत दौरे के बीच दोनों देशों के रिश्तों पर चर्चा तेज है। बिजली, पाइपलाइन और रेल नेटवर्क के जरिए भारत कैसे नेपाल के विकास में मदद कर रहा है
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें विकास सहयोग, ऊर्जा, जलविद्युत, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ-साथ बुनियादी ढांचे, तकनीक और जलवायु से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हो सकती है। हालांकि, भारत और नेपाल के बीच सहयोग का दायरा सिर्फ इन चर्चाओं तक सीमित नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने नेपाल में कई अहम परियोजनाओं में सहयोग दिया है। कहीं बिजली उत्पादन के लिए जलविद्युत परियोजनाएं विकसित हो रही हैं, तो कहीं पेट्रोलियम पाइपलाइन, रेलवे और ट्रांसमिशन लाइन के जरिए दोनों देशों के बीच संपर्क मजबूत किया जा रहा है। बालेन शाह के इस दौरे के बीच एक बार फिर इन परियोजनाओं और नेपाल के विकास में भारत की भूमिका पर सबकी नजर है।
नेपाल के विकास में भारत की कितनी बड़ी भूमिका
भारत और नेपाल के रिश्ते सिर्फ पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि व्यापार, निवेश और विकास के मोर्चे पर भी दोनों एक-दूसरे के अहम साझेदार हैं। नेपाल के कुल वस्तु निर्यात में भारत की हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी है। वहीं, नेपाल में होने वाले विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) में भी भारत का योगदान लगभग एक-तिहाई है। नेपाल के विकास को गति देने के लिए भारत वहां जमीनी स्तर पर भी काम कर रहा है। इसके तहत नेपाल के 74 जिलों में 600 से ज्यादा 'हाई इम्पैक्ट कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स' में सहयोग दिया जा रहा है। इन परियोजनाओं की कुल लागत 1,662 करोड़ नेपाली रुपये से अधिक है। साल 2015 में आए विनाशकारी गोरखा भूकंप के बाद भी भारत ने नेपाल की मदद में अहम भूमिका निभाई। भारतीय सहयोग से 50 हजार घरों, 71 शिक्षण संस्थानों और 128 स्वास्थ्य केंद्रों का दोबारा निर्माण किया गया, ताकि प्रभावित लोगों की जिंदगी फिर से पटरी पर लौट सके।
नेपाल में UPI से बिजली कारोबार तक भारत का साथ
भारत और नेपाल के बीच डिजिटल सहयोग भी तेजी से बढ़ रहा है। 2024 से भारत के UPI और नेपाल के FonePay के जरिए सीमा पार भुगतान आसान हुआ है। वहीं, जून 2026 में डिजिटल इंडिया भाषिणी और काठमांडू विश्वविद्यालय के बीच वॉयस आधारित भाषा अनुवाद तकनीक को लेकर समझौता हुआ।
ऊर्जा के क्षेत्र में नेपाल ने 2025-26 में भारत को बिजली बेचकर करीब 1,800 करोड़ नेपाली रुपये कमाए। नवंबर 2024 से वह भारतीय ट्रांसमिशन ग्रिड के जरिए बांग्लादेश को भी बिजली निर्यात कर रहा है।
रेल कनेक्टिविटी से करीब आ रहे भारत और नेपाल
भारत और नेपाल के बीच सफर को आसान बनाने के लिए रेल नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। इसमें जयनगर-कुर्था-बिजलपुरा-बरदीबास रेल लिंक अहम है, जो बिहार को नेपाल के अलग-अलग शहरों से जोड़ रहा है। वहीं, जोगबनी-विराटनगर रेल लिंक से भी दोनों देशों के बीच आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा, प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू ब्रॉड गेज रेल लाइन काठमांडू को सीधे भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच रामायण सर्किट के तहत 'सरयू कमला एक्सप्रेस' शुरू की जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
Falak Abdeen 