कौन हैं AAP की अमनदीप कौर अरोड़ा? सोनू सूद की बहन को चुनाव में दी थी मात, अब 7 ठिकानों पर ED की रेड

पंजाब में AAP विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के 7 ठिकानों पर ED की छापेमारी. जानिए जमीन अधिग्रहण मामले, मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप और कार्रवाई की पूरी वजह.

कौन हैं AAP की अमनदीप कौर अरोड़ा? सोनू सूद की बहन को चुनाव में दी थी मात, अब 7 ठिकानों पर ED की रेड
Image From Instagram: amandeepkauraroramla

पंजाब की सियासत में उस वक्त भूचाल आ गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमों ने आम आदमी पार्टी (AAP) की तेज-तर्रार विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर अचानक ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी. विधानसभा चुनावों के मुहाने पर खड़े पंजाब में इस कार्रवाई ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है.  खास बात यह है कि हाल ही में आम आदमी पार्टी ने अमनदीप कौर अरोड़ा को एक बार फिर मोगा विधानसभा सीट से अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है. 

सुबह-सुबह शुरू हुई छापेमारी, CRPF का कड़ा पहरा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी की यह बड़ी कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई. केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी भारी-भरकम लवाजमे के साथ विधायक के आवास पर पहुंचे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत ईडी की टीमों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के हथियारबंद जवान भी मुस्तैद नजर आए. सूत्रों के अनुसार, मोगा जिले में विधायक के आवास समेत कुल सात अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली गई. इस दौरान विधायक के कुछ पारिवारिक सदस्यों, करीबी सहयोगियों और अन्य से जुड़े ठिकानों को भी खंगाला गया. इनमें विधायक के पति डॉ. राकेश अरोड़ा से जुड़ा एक नशा मुक्ति केंद्र (डिटॉक्सिफिकेशन सेंटर) भी शामिल है, जहां अधिकारियों ने पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की और पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान विधायक खुद अपने घर पर ही मौजूद थीं, जहां अधिकारियों ने उनसे कई बिंदुओं पर पूछताछ की है. 

क्या है पूरा मामला? जमीन घोटाले और PMLA का शिकंजा

यह पूरा मामला सरकारी संपत्तियों और जमीन के अधिग्रहण में कथित हेराफेरी से जुड़ा हुआ है:

एफआईआर की शुरुआत: साल 2024 में पंजाब पुलिस ने इस मामले में एक एफआईआर (FIR) दर्ज की थी

ईडी की एंट्री: पुलिस जांच के आधार पर बाद में इस मामले को मनी लॉन्ड्रिंग के दायरे में पाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपने हाथों में ले लिया और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत नया मामला दर्ज किया. 

मुख्य आरोप: एफआईआर के मुताबिक, मामला मोगा जिले में नेशनल हाईवे नंबर 754A (NH 754A) के लिए अधिग्रहित की जाने वाली जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि इस प्रोजेक्ट के लिए तय की गई सरकारी जमीन के म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) में बड़ी धोखाधड़ी की गई और इसके एवज में मुआवजे का गलत तरीके से भुगतान किया गया. 

राजनीतिक गलियारों में मचा घमासान: इसे बताया जा रहा है 'दबाव की राजनीति'

ईडी की इस कार्रवाई के सामने आने के बाद से ही आम आदमी पार्टी और विपक्ष के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। विधायक के करीबी सूत्रों और समर्थकों ने इस छापेमारी को सीधे तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध और दबाव की राजनीति करार दिया है।

  • पार्टी बदलने का दबाव? विधायक के करीबियों का आरोप है कि यह छापेमारी उन पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) या शिरोमणि अकाली दल (SAD) में शामिल होने का दबाव बनाने के लिए की जा रही है। अपने दावे के समर्थन में उन्होंने जलालाबाद के विधायक रामिंदर सिंह आवला के मामले का भी हवाला दिया।

  • विपक्ष पर साधा निशाना: इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, विधायक के करीबी सहयोगी जगदेव सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, 'अकाली दल और बीजेपी चाहे मिलकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, दोनों के पास मोगा से मैदान में उतारने के लिए कोई भी मजबूत और सक्षम उम्मीदवार नहीं है.'

  • चुनावी रणनीति का हिस्सा: वहीं, मोगा के सीनियर डिप्टी मेयर राकेश कुमार बजाज ने भी इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि साल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले यह विपक्षी दलों और केंद्रीय एजेंसियों की एक सोची-समझी सियासी रणनीति का हिस्सा है, जिसका मकसद 'आप' के मजबूत नेताओं की छवि को धूमिल करना है. 

कौन हैं अमनदीप कौर अरोड़ा?

डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा आम आदमी पार्टी (AAP) की एक प्रमुख राजनेता और पंजाब के मोगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. इसके अलावा वह आम आदमी पार्टी की पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष (President) की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं. राजनीति में आने से पहले वह पेशे से डॉक्टर हैं. डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सक्रिय राजनीति में कदम रखा था. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने उन्हें मोगा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया. इस चुनाव में उन्होंने शानदार जीत दर्ज की और पहली बार विधायक बनीं उन्होंने उस चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार और बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद को हराया था. मोगा क्षेत्र में उनके राजनीतिक रसूख और सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों के लिए फिर से मोगा सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है.