पंजाब में फिर साथ आएंगे BJP-अकाली दल, अमित शाह का बड़ा ऐलान, बोले- नशा मुक्त बनाएंगे राज्य
पंजाब चुनाव से पहले BJP और अकाली दल ने फिर मिलाया हाथ! छह साल बाद NDA में शिअद की वापसी हुई है। अमित शाह के इस बड़े ऐलान से राज्य की सियासत में क्या नया समीकरण बनेगा
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने एक बार फिर साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस गठबंधन का ऐलान किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि हाल ही में दोनों दलों के बड़े नेताओं के बीच बैठक हुई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने पर सहमति बनी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अकाली दल अब NDA के सहयोगी के रूप में काम करेगा। इस घोषणा के साथ ही पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर नए सियासी समीकरण बनने शुरू हो गए हैं।
Delhi | Union Home Minister Amit Shah, BJP National President Nitin Nabin, and Shiromani Akali Dal President Sardar Sukhbir Singh Badal will jointly address a press conference today at around 1 PM at BJP HQ. https://t.co/wTdqwgFjY7
— ANI (@ANI) November 24, 2026
पंजाब को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य
अमित शाह ने अकाली दल के साथ भाजपा के पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल उनका सबसे पुराना सहयोगी रहा है। करीब छह साल बाद पार्टी की एक बार फिर NDA में वापसी हुई है। उन्होंने पंजाब को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाईं। शाह ने कहा कि राज्य से भ्रष्टाचार को खत्म करना सरकार का लक्ष्य होगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जाएगा।
तीन दशक पुराना है BJP-अकाली दल का साथ
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल की दोस्ती करीब तीन दशक पुरानी है। इसकी नई राजनीतिक शुरुआत 1996 की मोगा घोषणा से मानी जाती है। दोनों दलों ने 1997 का विधानसभा चुनाव साथ लड़ा और जीत दर्ज कर सरकार बनाई। इसके बाद 2007 से 2017 तक लगातार 10 साल पंजाब की सत्ता संभाली। हालांकि, 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दल एक बार फिर साथ आ गए हैं।
पुराने गठबंधन की वापसी
अकाली दल और भाजपा का गठबंधन हमेशा से पंजाब में अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय वोट बैंक के तालमेल पर टिका रहा है। अकाली दल की पकड़ ग्रामीण इलाकों, किसानों और सिख मतदाताओं में रही, जबकि भाजपा को शहरी हिंदू और व्यापारी वर्ग का समर्थन मिलता रहा। इसी समीकरण ने दोनों दलों को लंबे समय तक सत्ता में बनाए रखा। हालांकि, 2020 में गठबंधन टूटने के बाद पंजाब की राजनीति काफी बदल चुकी है। अब अकाली दल के सामने अपना पुराना जनाधार वापस पाने की चुनौती है, तो भाजपा भी पहले के मुकाबले ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। ऐसे में 2027 का चुनाव दोनों दलों के लिए अहम होगा। इस बार गठबंधन की असली परीक्षा सीटों के बंटवारे, नेतृत्व और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर होगी।
2027 चुनाव से पहले फिर साथ आए BJP-अकाली दल
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा और अकाली दल ने एक बार फिर गठबंधन कर लिया है। अगस्त 2026 में सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद दोनों दलों के साथ आने की अटकलें तेज हो गई थीं। इसके बाद अक्टूबर में सीटों के बंटवारे और अकाली दल के दूसरे धड़े को गठबंधन में शामिल करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। नवंबर में बातचीत ने अंतिम दौर में प्रवेश किया और अब दोनों दलों ने साथ चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है। हालांकि, गठबंधन के बाद सबसे बड़ी चुनौती सीटों का बंटवारा होगी। पहले भाजपा 23 और अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था, लेकिन इस बार भाजपा अपने बढ़े राजनीतिक प्रभाव के आधार पर ज्यादा सीटों की मांग कर सकती है। वहीं, अकाली दल अपने पारंपरिक ग्रामीण और किसान वोट बैंक के दम पर गठबंधन में मजबूत हिस्सेदारी चाहता है। इसके अलावा मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, यह भी दोनों दलों के बीच चर्चा का अहम मुद्दा बन सकता है।
Falak Abdeen 