PM मोदी को लेकर सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा, बोलीं- अब नजरें मिलाने से भी बचते हैं

सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' में PM मोदी से रिश्तों, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और 1975 की इमरजेंसी पर कई बड़े खुलासे हुए हैं.

PM मोदी को लेकर सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा, बोलीं- अब नजरें मिलाने से भी बचते हैं

कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की हालिया चर्चाओं में आई किताब 'Belonging: A Journey of Love' (बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव) इन दिनों देश की सियासत में चर्चा का केंद्र बनी हुई है. इस किताब में उन्होंने अपने जीवन के कई अनछुए पहलुओं, राजनीतिक जीवन के उतार-चढ़ाव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों और देश के सबसे विवादित दौर यानी 'आपातकाल' (Emergency) पर खुलकर बात की है. सोनिया गांधी ने अपनी इस किताब में वैचारिक लड़ाइयों से लेकर व्यक्तिगत अनुभवों और पारिवारिक असहमतियों को बेहद पारदर्शी तरीके से सामने रखा है. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रिश्तों पर क्या बोलीं सोनिया गांधी?

किताब में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने कामकाजी और आमने-सामने के रिश्तों का जिक्र किया है. उन्होंने बताया है कि वैचारिक मतभेदों के बावजूद उनके बीच व्यक्तिगत स्तर पर कोई कड़वाहट या दुर्भावना नहीं है, हालांकि अब आपसी संपर्क लगभग न के बराबर रह गया है. सोनिया गांधी ने लिखा है कि आज के समय में पीएम मोदी के साथ उनका संपर्क बेहद कम और केवल औपचारिक अवसरों तक सीमित है. वे कभी-कभार ही किसी कार्यक्रम में, जैसे लोकसभा स्पीकर के चैंबर में, एक-दूसरे से मिलते हैं. 

उन्होंने अपने संस्मरण में लिखा है कि जब भी वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में सामने आते हैं, तो शिष्टाचार के नाते एक-दूसरे का 'नमस्ते' कहकर अभिवादन जरूर करते हैं, लेकिन अब वह आत्मीयता गायब है जो पहले के दौर के नेताओं के बीच हुआ करती थी. उन्होंने यह भी लिखा कि कई बार ऐसा लगता है कि वे दूसरी तरफ देखने लगते हैं ताकि नजरें न मिलानी पड़ें. 

सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया है कि भले ही वे और पीएम मोदी भारत को लेकर अपनी-अपनी सोच और विजन के लिए लड़ रहे हों जहां एक तरफ वे खुद को समावेशी, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के भारत के पक्ष में खड़ा पाती हैं लेकिन इसके पीछे कोई व्यक्तिगत द्वेष या बैर नहीं है। यह पूरी तरह से वैचारिक धरातल पर देश के भविष्य की दिशा तय करने की लड़ाई है. 

पीएम मोदी के संघर्ष और साधारण पृष्ठभूमि की तारीफ

सोनिया गांधी ने राजनीतिक प्रतिद्वंदिता से ऊपर उठकर पीएम नरेंद्र मोदी के सफर और राजनीतिक कौशल की सराहना भी की है. उन्होंने इस बात को स्वीकार किया है कि नरेंद्र मोदी ने एक बेहद साधारण पृष्ठभूमि से उठकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में अपनी मेहनत और संगठन क्षमता के दम पर एक ताकतवर नेता का मुकाम हासिल किया है. सोनिया गांधी ने लिखा है कि सत्ताधारी वर्ग को लेकर पीएम मोदी के मन में जो असहजता या अलगाव का भाव था, उसे वे आज बेहतर समझ सकती हैं. उन्होंने खुद स्वीकार किया कि दिल्ली के पॉश इलाकों के 'ड्राइंग रूम' में होने वाली राजनीतिक चर्चाओं के दौरान उन्हें भी कई बार अजीब असहजता महसूस होती थी. उन्हें अक्सर ऐसा लगता था कि अभिजात वर्ग के उन कमरों में बैठकर बनाई जाने वाली राय भारत की जमीनी हकीकत से कोसों दूर होती है. 

आपातकाल पर बड़ा बयान: 'वह एक गलती थी'

किताब में सोनिया गांधी ने भारतीय इतिहास के सबसे काले और विवादास्पद अध्यायों में से एक यानी 1975 के 'आपातकाल' को लेकर खुलकर बात की है. प्रतिष्ठित ब्रिटिश अखबार 'द गार्जियन' के हवाले से पीटीआई ने बताया कि सोनिया गांधी ने आपातकाल लागू करने के फैसले को साफ तौर पर 'एक गलती' करार दिया है. सोनिया गांधी का मानना है कि उनकी सास और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी बाद के दिनों में यह अहसास हो गया था कि आपातकाल का फैसला सही नहीं था. उन्होंने लिखा, 'मुझे पता है कि कई लोग इस बात पर हंसेंगे, लेकिन मेरा मानना है कि वह आपातकाल के दौरान अपनाए गए रास्ते को लेकर कभी सहज नहीं थीं. मुझे लगता है कि यह बात उन्हें भीतर ही भीतर परेशान कर रही थी.' किताब में यह भी जिक्र किया गया है कि यदि संजय गांधी को 'नियंत्रण में' रखा गया होता, तो आपातकाल के बाद देश को और राजनीतिक तंत्र को जो नुकसान उठाना पड़ा, उसे काफी हद तक टाला जा सकता था. 

परिवार के भीतर हुआ था भारी मतभेद और तनाव

सोनिया गांधी के खुलासे के अनुसार, आपातकाल लगाने के फैसले को लेकर नेहरू-गांधी परिवार के भीतर ही गहरी असहमति और वैचारिक मतभेद पैदा हो गए थे। परिवार के अंदर इस बात को लेकर भारी तनाव देखा गया था. सोनिया गांधी के दिवंगत पति और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी उस समय आपातकाल लागू करने के फैसले के सख्त खिलाफ थे. उन्होंने अपनी मां इंदिरा गांधी को सलाह दी थी कि इस तरह का कदम उठाने के बजाय अगले आम चुनाव तक इंतजार किया जाना चाहिए. इसके विपरीत, उनके छोटे बेटे संजय गांधी इस बात पर अड़े थे कि तुरंत आपातकाल लगाया जाना चाहिए. परिवार के साथ एक डिनर के दौरान संजय गांधी ने तर्क दिया था कि विपक्षी दल और ताकतें उनकी मां को पूरी तरह बर्बाद कर देंगी. उन्होंने जोर देकर कहा था, 'उन्हें रोकना ही होगा.'  सोनिया गांधी के मुताबिक, राजीव गांधी ने अपनी मां को समझाने और इस गंभीर मुद्दे पर बातचीत करने की तमाम कोशिशें की थीं, लेकिन उस वक्त इंदिरा गांधी ने उनकी बात सुनने से पूरी तरह इनकार कर दिया था, जिसके चलते परिवार के भीतर दूरियां और तनाव बढ़ने लगे थे.