तेरा चाचा चोर है...' सुनते ही भड़क गई थीं प्रियंका गांधी, थप्पड़ मारने का सुनाया किस्सा

इमरजेंसी के बाद गांधी परिवार को किन हालातों से गुजरना पड़ा था? इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद घर बदलने से लेकर बचपन के अनसुने किस्सों तक, प्रियंका गांधी ने सोनिया और राहुल गांधी के साथ बातचीत में कई पुरानी यादें साझा कीं।

तेरा चाचा चोर है...' सुनते ही भड़क गई थीं प्रियंका गांधी, थप्पड़ मारने का सुनाया किस्सा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा किया है। इसमें वह अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ उनकी हाल ही में प्रकाशित किताब के अलग-अलग अध्यायों पर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान तीनों ने किताब के कवर, इमरजेंसी के बाद के राजनीतिक हालात और उस दौर से जुड़ी कई पुरानी यादों को साझा किया। बातचीत में प्रियंका गांधी ने भी बचपन के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि जब उनकी दादी इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं, तब परिवार को अपना घर छोड़कर दूसरे मकान में शिफ्ट होना पड़ा था। प्रियंका के मुताबिक, उस समय घर का माहौल काफी तनावपूर्ण रहता था और बचपन की कई घटनाएं आज भी उन्हें याद हैं।

स्कूल में प्रियंका थीं 'प्रीफेक्ट'

राहुल गांधी ने स्कूल के दिनों का एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि उनके और प्रियंका गांधी के स्वभाव में बचपन से ही काफी अंतर था। राहुल के मुताबिक, प्रियंका स्कूल में नियमों का पालन करने वाली और शिक्षकों की पसंदीदा छात्रा थीं, जबकि वह खुद बागी मिजाज के थे। वह अक्सर सवाल पूछते थे और अपनी अलग दुनिया में खोए रहते थे। इसी वजह से दोनों के स्कूल में रहने का अनुभव भी काफी अलग था।

प्रियंका बोलीं- राहुल अपनी ही दुनिया में खोए रहते थे

राहुल की बात पर प्रियंका गांधी ने भी अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह स्कूल के नियमों के हिसाब से चलती थीं, जबकि राहुल का तरीका बिल्कुल अलग था। प्रियंका ने बताया कि क्लास में टीचर के आने पर सभी बच्चे गुड मॉर्निंग या नमस्ते कहते थे, फिर खड़े होने, बैठने और अटेंडेंस का सिलसिला चलता था। लेकिन राहुल उस दौरान अपनी ही दुनिया में खोए रहते थे।

स्कूल में राहुल के बगल में कोई नहीं बैठा, याद किया वो दिन

राहुल गांधी ने एक और घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक दिन जब वह स्कूल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनके बगल वाली सीट खाली थी। वहां कोई भी बैठने को तैयार नहीं था। यह देखकर उनके मन में सवाल उठा कि आखिर उनके पास कोई क्यों नहीं बैठ रहा है। हालांकि, उस वक्त उन्होंने किसी से कुछ नहीं कहा और चुपचाप बैठे रहे।