UPSSSC Result: यूपी आबकारी सिपाही भर्ती में बड़ा अपडेट, 820 पदों के लिए 2591 अभ्यर्थी चयनित,कटऑफ जारी
UPSSSC ने आबकारी सिपाही भर्ती का रिजल्ट जारी कर दिया है। 820 पदों के लिए 2,591 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया है। जानें कटऑफ और रिजल्ट चेक करने का तरीका।
उत्तर प्रदेश में आबकारी सिपाही बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने 820 पदों के लिए 2,591 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। अब इन उम्मीदवारों को शारीरिक माप परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) से गुजरना होगा।
आधिकारिक वेबसाइट पर जारी हुआ रिजल्ट और कटऑफ
लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपना रिजल्ट और कटऑफ अंक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के होमपेज पर भर्ती परिणाम से जुड़े लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद मांगी गई जानकारी भरकर अभ्यर्थी अपना स्कोर और चयन की स्थिति चेक कर सकते हैं।
श्रेणी के हिसाब से तय हुई कटऑफ
आयोग ने आबकारी सिपाही भर्ती के अगले चरण के लिए अलग-अलग वर्गों की कटऑफ जारी की है। अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 82.50 अंक रखी गई है, जबकि OBC के लिए 79.25 और EWS के लिए 80 अंक तय हुए हैं। वहीं, SC वर्ग की कटऑफ 69.75 और ST वर्ग की 64.50 अंक है। क्षैतिज आरक्षण के तहत महिला अभ्यर्थियों के लिए कटऑफ 72 अंक निर्धारित की गई है। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के लिए 56.50, भूतपूर्व सैनिकों के लिए 58.25 और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 62.50 अंक तय किए गए हैं।
820 पदों के लिए निकली है भर्ती
आबकारी सिपाही भर्ती में पहले 722 पदों पर नियुक्तियां होनी थीं। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 4 जून 2026 से शुरू होकर 24 जून 2026 तक चली थी। बाद में आयोग ने एक और अधिसूचना जारी कर 98 नए पद जोड़ दिए। इससे कुल पदों की संख्या बढ़कर 820 हो गई। इन पदों में सामान्य चयन के साथ विशेष चयन के पद भी शामिल हैं।
आबकारी सिपाही को मिलेगा 63,200 रुपये तक वेतन
आबकारी सिपाही के पद पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को अच्छी सैलरी मिलेगी। इस पद के लिए वेतनमान पे मैट्रिक्स लेवल-3 के तहत तय किया गया है, जिसमें शुरुआती वेतन 19,900 रुपये और अधिकतम 63,200 रुपये प्रति माह तक होगा। इसके अलावा कर्मचारियों को राज्य सरकार के नियमों के मुताबिक अन्य भत्ते और सुविधाएं भी दी जाएंगी।
इन आसान स्टेप्स से चेक करें अपना रिजल्ट
अभ्यर्थी घर बैठे UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें:
1. सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं।
2. होमपेज पर आबकारी सिपाही भर्ती के रिजल्ट लिंक को खोलें।
3. अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें।
4. इसके बाद लिंग और कैप्चा कोड भरकर लॉगिन करें।
5. स्क्रीन पर आपका स्कोरकार्ड दिखाई देगा।
6. रिजल्ट डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट निकाल लें और भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।
Falak Abdeen 