पाकिस्तान से बमियाल बॉर्डर के रास्ते घुसपैठ की कोशिश, BSF की कार्रवाई में घुसपैठिया ढेर

रात के अंधेरे में पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था एक शख्स, लेकिन BSF के जवानों की नजर पड़ते ही हुआ कुछ ऐसा कि घुसपैठ की कोशिश नाकाम हो गई।

पाकिस्तान से बमियाल बॉर्डर के रास्ते घुसपैठ की कोशिश, BSF की कार्रवाई में घुसपैठिया ढेर

पठानकोट के बमियाल बॉर्डर पर गुरुवार देर रात घुसपैठ की कोशिश का मामला सामने आया है। पहाड़ीपुर बीओपी के पास सीमा की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को मार गिराया। बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 3 बजे हुई। जवानों ने सीमा पर संदिग्ध हलचल देखी और घुसपैठ की आशंका में कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पूरे सीमावर्ती इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।

मौके पर पहुंचीं सुरक्षा एजेंसियां

घटना की सूचना मिलते ही बीएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां घुसपैठिये की पहचान पता लगाने में जुटी हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किस मकसद से भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था और इस घटना के पीछे कोई अन्य साजिश तो नहीं है। दी गई है। थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी दलजीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बीएसएफ ने कार्रवाई के दौरान एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौके पर अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। घटना को देखते हुए सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्दियों में बढ़ जाती हैं घुसपैठ की आशंकाएं

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सीमावर्ती इलाकों में घुसपैठ की आशंका बढ़ जाती है। खासकर घने कोहरे और कम दृश्यता का फायदा उठाकर सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशें की जा सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने बॉर्डर एरिया में निगरानी बढ़ा दी है। संभावित खतरों से निपटने के लिए सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस को भी मजबूत किया जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा बल लगातार इलाके पर नजर रख रहे हैं, ताकि धुंध की आड़ में कोई भी असामाजिक तत्व अपनी गतिविधियों को अंजाम न दे सके।

सीमा पर सर्च ऑपरेशन तेज

सीमा पर सुरक्षा को लेकर पुलिस और बीएसएफ ने निगरानी और तेज कर दी है। दोनों सुरक्षा बल मिलकर सीमावर्ती इलाकों में विशेष सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इसके साथ ही सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस को मजबूत करने के लिए भी जरूरी कदम उठाए गए हैं। पुलिस नाकों पर तैनात जवानों को सतर्क रहने और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। दरअसल, पठानकोट का यह इलाका सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। इसकी एक ओर सीमा पाकिस्तान से लगती है, जबकि जिले का यह हिस्सा जम्मू-कश्मीर की सीमा से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रही हैं।