आज PM मोदी से मिलेंगे बालेन शाह, अयोध्या-जनकपुर ट्रेन समेत इन बड़े समझौतों पर रहेगी नजर
नेपाल के PM बालेन शाह आज नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। बैठक में अयोध्या-जनकपुर ट्रेन, ऊर्जा, रेलवे, कनेक्टिविटी और नेपाल के आर्थिक पैकेज पर चर्चा की उम्मीद है।
Nepal PM India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार, 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। दो दिवसीय भारत दौरे पर रविवार को दिल्ली पहुंचे बालेन शाह की यह प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। दोनों नेताओं की बैठक में व्यापार, ऊर्जा, रेलवे, कनेक्टिविटी, निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इस दौरान अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई ट्रेन सेवा की शुरुआत भी हो सकती है।
35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे बालेन शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर भारत के वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। इसके बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी उनसे मुलाकात की। बालेन शाह के साथ नेपाल का 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आया है। इसमें विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, प्रधानमंत्री के वरिष्ठ सलाहकार और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मुलाकात के बाद कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को महत्व देता है।
पहली बार आमने-सामने होंगे PM मोदी और बालेन शाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह सोमवार को पहली बार आमने-सामने मुलाकात करेंगे। इससे पहले दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हो चुकी है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बैठक में भारत और नेपाल के संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा होगी। इसके साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। द्विपक्षीय बातचीत के बाद दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज भी आयोजित करेंगे।
अयोध्या-जनकपुर के बीच शुरू हो सकती है नई ट्रेन सेवा
इस यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई रेल सेवा है। दोनों देशों के प्रधानमंत्री सोमवार को वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इस साप्ताहिक ट्रेन सेवा को 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' नाम दिया गया है। यह रेल सेवा उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ेगी। दोनों स्थान रामायण परंपरा से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र हैं। इस रेल संपर्क से यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
ऊर्जा, रेलवे और कनेक्टिविटी पर होंगे अहम समझौते
भारत और नेपाल के बीच बैठक में ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, सड़क संपर्क, व्यापार, निवेश और तकनीक जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच पहले से चल रही विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ कुछ नई परियोजनाओं की शुरुआत पर भी बातचीत हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के सहयोग से पूरी हो चुकी कुछ ऊर्जा और कनेक्टिविटी परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा सकता है। इसके अलावा नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने और विभिन्न क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान होने की भी उम्मीद है।
नेपाल ने भारत से मांगा 2 अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज
बालेन शाह की यात्रा के दौरान नेपाल की ओर से आर्थिक सहायता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जा सकता है। नेपाल ने भारत के सामने करीब 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज का प्रस्ताव रखा है। इसमें अनुदान और रियायती ऋण के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए सहायता शामिल है। अगस्त 2026 में भोटे कोशी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से नेपाल के कई इलाकों में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा था। नेपाल इस नुकसान की भरपाई और विकास परियोजनाओं के लिए भारत से आर्थिक सहयोग चाहता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत की ओर से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख के संकेत मिले हैं, लेकिन सहायता की अंतिम राशि और शर्तों पर बातचीत जारी है।
काठमांडू-महेंद्रनगर एयर कॉरिडोर का मुद्दा भी अहम
नेपाल की ओर से काठमांडू-महेंद्रनगर एयर कॉरिडोर को दोतरफा बनाने की मांग भी उठाई जा रही है। फिलहाल इस मार्ग से नेपाल से बाहर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अनुमति है, लेकिन इसी रास्ते से नेपाल में प्रवेश करने वाली उड़ानों को अनुमति नहीं मिलती। नेपाल चाहता है कि इस मार्ग को दोनों दिशाओं में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए खोला जाए। हालांकि, इस मुद्दे पर भारत और नेपाल के बीच अभी सहमति नहीं बन पाई है। ऐसे में दोनों प्रधानमंत्रियों की बैठक में हवाई संपर्क का
बालेन शाह की यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें दोनों देशों के कारोबारी और निवेशक हिस्सा लेंगे। नेपाल की ओर से भारत से अधिक निवेश आकर्षित करने और व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिए जाने की उम्मीद है। इस दौरे में होने वाली बातचीत और संभावित समझौतों से दोनों पड़ोसी देशों के बीच आर्थिक, ऊर्जा और परिवहन सहयोग को नई दिशा मिल सकती है। अब सबकी नजर सोमवार को होने वाली मोदी-बालेन शाह बैठक और उससे निकलने वाले फैसलों पर है।
saloni 