कटिहार में गड्ढे में गिरी सांसद के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी, 5 लोग घायल; बाल-बाल बचे पप्पू यादव
कटिहार में पप्पू यादव के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी गड्ढे में गिर गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए, जबकि सांसद सुरक्षित बच गए।
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव के काफिले की एक गाड़ी सोमवार को कटिहार में हादसे का शिकार हो गई। कदवा थाना क्षेत्र में कुम्हरी पेट्रोल पंप के पास उनकी सुरक्षा में चल रही पुलिस की स्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जबकि पप्पू यादव सुरक्षित बच गए। घटना के बाद सांसद अपना कार्यक्रम बीच में छोड़कर पूर्णिया लौट गए।
जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव कटिहार के सालमारी में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुम्हरी पेट्रोल पंप के पास काफिले के साथ चल रही पुलिस की गाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही कदवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को बाहर निकलवाया।
पप्पू यादव ने फेसबुक पोस्ट में बताई हादसे की जानकारी
हादसे के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई...'। सांसद के मुताबिक, कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान उनकी स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गड्ढे में गिर गई।
उन्होंने बताया कि ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं से उनके सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है।
सड़क निर्माण में लापरवाही को बताया हादसे की वजह
पप्पू यादव ने इस दुर्घटना के लिए सड़क निर्माण में कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से ही क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसका सही तरीके से निर्माण नहीं कराया गया।
सांसद का कहना है कि सड़क निर्माण करने वाली ठेकेदार कंपनी और PWD अधिकारियों की उदासीनता के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्घटनास्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही डायवर्जन या सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।
ठेकेदार और PWD अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
पप्पू यादव ने ठेकेदार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ को सड़क निर्माण में लापरवाही के लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि अगर बारिश नहीं हुई होती और मिट्टी गीली नहीं होती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
सांसद ने सवाल उठाया कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद क्यों टूटती है? उन्होंने सड़क निर्माण में लापरवाही को गंभीर मामला बताते हुए संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
saloni 