राजस्थान की कपास फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का कपास जलकर राख; डेढ़ घंटे बाद पहुंची दमकल

राजस्थान के फलोदी जिले के देचू में कपास फैक्ट्री में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ। डेढ़ घंटे बाद दमकल पहुंची। एक साल में तीसरी बार हादसा हुआ।

राजस्थान की कपास फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का कपास जलकर राख; डेढ़ घंटे बाद पहुंची दमकल

Rajasthan Fire News: राजस्थान के फलोदी जिले के देचू में रविवार अलसुबह एक कपास फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा पूरा कपास जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हैरानी की बात यह है कि सूचना मिलने के करीब डेढ़ घंटे बाद फलोदी और पोकरण से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों और दमकलकर्मियों की करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में एक साल के भीतर आग लगने की यह तीसरी घटना है।

सुबह 4 बजे फैक्ट्री में लगी आग, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, देचू उपखंड मुख्यालय के लालसिंह नगर ग्राम पंचायत क्षेत्र में आसरलाई रोड स्थित कपास फैक्ट्री में रविवार सुबह करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री में रखा बड़ी मात्रा में कपास इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद प्रशासन और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

घटना की जानकारी मिलने पर देचू पुलिस और पटवारी सुरेश कुमार भील मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने डिस्कॉम को सूचना देकर फैक्ट्री की बिजली आपूर्ति बंद करवाई। पटवारी के अनुसार, यह फैक्ट्री सुनीता पत्नी राजेंद्र माहेश्वरी निवासी थोरियों का बास, सालवाकलां (जोधपुर) की है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

डेढ़ घंटे बाद पहुंचीं दमकल की गाड़ियां

देचू तहसील क्षेत्र में इस बार कपास का बंपर उत्पादन हुआ है। ऐसे में फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कपास जमा था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। प्रशासन की सूचना पर फलोदी और पोकरण नगर पालिका से दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं। दमकल की गाड़ियां सुबह करीब साढ़े पांच बजे घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से लगभग एक घंटे तक आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू पाने तक फैक्ट्री में रखा पूरा कपास जलकर राख हो चुका था।

करोड़ों का कारोबार, लेकिन अग्नि सुरक्षा के इंतजाम पर सवाल

ग्रामीणों के मुताबिक, देचू उपखंड मुख्यालय के पांच किलोमीटर के दायरे में तीन बड़ी कपास फैक्ट्रियां संचालित हैं। इनमें मेगा हाईवे स्थित गुमानपुरा, जोधपुर रोड और आसरलाई रोड की फैक्ट्रियां शामिल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये का कारोबार करने वाली इन फैक्ट्रियों में आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी और जरूरी अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना है कि आग लगने पर आसपास के लोग निजी पानी के टैंकर लेकर मदद के लिए पहुंचते हैं, लेकिन भीषण आग के सामने ये इंतजाम नाकाफी साबित होते हैं।

एक साल में तीसरी बार फैक्ट्री में आग

बताया जा रहा है कि आसरलाई रोड स्थित इस कपास फैक्ट्री में एक साल के भीतर आग लगने की यह तीसरी घटना है। देचू और आसपास के इलाकों में पहले भी कई बड़े अग्निकांड हो चुके हैं। करीब तीन साल पहले बावकान में एक ट्रेलर में आग लगने से चालक की मौत हो गई थी। वहीं, पिछले महीने देचू में तीन दुकानों में आग लगने से करोड़ों रुपये के नुकसान की खबर सामने आई थी। उस घटना में भी फलोदी और पोकरण से दमकल की गाड़ियां पहुंचने तक काफी नुकसान हो चुका था।

दमकल गाड़ी की मांग, लेकिन अब तक नहीं मिली सुविधा

लगातार आगजनी की घटनाओं के बावजूद देचू में स्थायी दमकल सुविधा उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों और व्यापारियों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले पंचायतीराज चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जोधपुर सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने देचू में दमकल गाड़ी उपलब्ध करवाने की मांग रखी थी। इस पर आश्वासन भी मिला था, लेकिन अब तक मांग पूरी नहीं हुई। लगातार हो रहे अग्निकांड से परेशान ग्रामीणों और व्यापारियों ने पिछले महीने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। रविवार को कपास फैक्ट्री में लगी आग ने एक बार फिर क्षेत्र में दमकल व्यवस्था की कमी और औद्योगिक इकाइयों की अग्नि सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।