UP MLC Election Result: बरेली-मुरादाबाद में हरि सिंह ढिल्लो की बड़ी जीत, सपा के दानिश अख्तर को 17,676 वोटों से हराया

UP MLC चुनाव में भाजपा के हरि सिंह ढिल्लो ने बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर 17,676 वोटों से जीत दर्ज की। जानें दानिश अख्तर को कितने मत मिले और क्या रहे अन्य नतीजे.

UP MLC Election Result: बरेली-मुरादाबाद में हरि सिंह ढिल्लो की बड़ी जीत, सपा के दानिश अख्तर को 17,676 वोटों से हराया
Image Credit: Instagram @dr.harisinghdhillon

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के हालिया चुनाव परिणामों ने राजनीतिक गलियारों में खासी हलचल मचा दी है. इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें भाजपा ने कई सीटों पर शानदार जीत हासिल कर अपना दबदबा साबित किया है. सबसे ज्यादा चर्चा बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन सीट की रही, जहां भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया.

बरेली-मुरादाबाद में डॉ. हरि सिंह ढिल्लो की रिकॉर्ड तोड़ जीत

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर को 17,676 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया. यह इस चुनाव की सबसे बड़ी जीत में से एक मानी जा रही है. डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को कुल 21,672 वोट मिले, जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी सपा के दानिश अख्तर महज 3,996 वोटों पर ही सिमट कर रह गए. मतगणना के पहले राउंड से ही डॉ. ढिल्लो ने जो बढ़त बनाई, वह अंत तक कायम रही. पांच चरणों की गिनती में वह हर राउंड में भारी मतों से आगे रहे. 

संजय कम्युनिटी हॉल में यूं चला परिणामों का दौर

मंगलवार को बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल में सुबह 8 बजे से कड़े सुरक्षा पहरे के बीच मतगणना शुरू हुई. सुबह से लेकर दोपहर करीब 3 बजे तक मतपत्रों के बंडल तैयार किए गए. इसके बाद दोपहर 4 बजे से 35,161 कुल मतों की गिनती के लिए 8 टेबलें लगाई गईं. पहले राउंड के परिणाम आते ही तस्वीर साफ होने लगी। डॉ. ढिल्लो ने 5,251 वोट पाकर मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी, जबकि सपा के दानिश अख्तर 816 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे. इस दौर में कुल 8,800 वोटों की गिनती हुई, जिसमें 686 वोट निरस्त (अमान्य) पाए गए. दूसरे राउंड की गिनती पूरी होने तक डॉ. ढिल्लो के वोटों की संख्या बढ़कर 10,222 हो गई, जबकि सपा प्रत्याशी केवल 1,675 वोट ही जुटा सके। इस प्रकार दूसरे राउंड तक ही ढिल्लो की लीड बढ़कर 8,546 वोटों तक पहुंच चुकी थी. 

'नाम है ढिल्लो, जब चाहो मिल लो'

इस बड़ी जीत के नायक खुद डॉ. हरि सिंह ढिल्लो रहे। पिछले छह वर्षों से उन्होंने बरेली और मुरादाबाद मंडल के कोने-कोने में स्थित शैक्षिक संस्थानों का दौरा किया और लगातार शिक्षकों के बीच बने रहे. चुनाव के दौरान उनका एक नारा ‘नाम है हरि सिंह ढिल्लो, जब चाहो आकर मिल लो’ शिक्षकों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया. उनकी सहजता, सुलभता और शिक्षकों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने वाले उनके स्वभाव ने मतदाताओं को गहराई से प्रभावित किया. 

जीत के बाद क्या बोले डॉ. हरि सिंह ढिल्लो?

शानदार जीत दर्ज करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने अपनी सफलता का श्रेय पूरी तरह शिक्षक वर्ग को दिया. 'यह मेरा व्यक्तिगत चुनाव नहीं था, बल्कि यह पूरे शिक्षक समुदाय का चुनाव था और यह उनकी ही जीत है.' उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों में वृद्धि के लिए अब 'एजुकेशन एक्ट' को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाएगा. उन्होंने याद दिलाया कि उन्होंने हमेशा शिक्षकों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया है, और खुद मुख्यमंत्री ने भी मंच से इस बात की सराहना की थी. 

ये भी पढ़ें: अभिजीत दीपके को रामदास आठवले का फिर ऑफर, बोले- RPI में आएं तो स्वागत है

अन्य सीटों पर भी भाजपा और सपा का प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश के अन्य खंड निर्वाचन क्षेत्रों में भी परिणामों की स्थिति स्पष्ट हो गई है. यहां समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज करते हुए अपनी सीट बरकरार रखी. भाजपा प्रत्याशी उम्मेद द्विवेदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी सुशील कुमार को 6 हजार से अधिक वोटों के अंतर से करारी शिकस्त देकर फिर से विजय हासिल की. मेरठ सीट पर भाजपा का परचम लहराया। यहां शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा और स्नातक सीट से दिनेश गोयल चुनाव जीतने में सफल रहे. 

सपा प्रत्याशी दानिश अख्तर ने लगाए गंभीर आरोप

एक तरफ जहां भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है, वहीं पराजित सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं. मतगणना के दौरान संजय कम्युनिटी हॉल में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने 23 अक्टूबर को 'लोकतंत्र का काला दिवस' करार दिया. दानिश अख्तर ने आरोप लगाया कि इस चुनाव की शुरुआत यानी वोटर लिस्ट तैयार होने के समय से ही गड़बड़ियां शुरू हो गईं थीं। उन्होंने दावा किया कि अमरोहा जनपद के मंडी धनौरा में उन्होंने खुद फर्जी वोटिंग पकड़ी थी और इसकी जानकारी तुरंत अधिकारियों को दी थी, लेकिन इसके बावजूद धांधली रोकी नहीं जा सकी.