Jagdeep Dhankhar Health Update: श्रीनाथजी के दर्शन के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुई जांच

नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सांस लेने में परेशानी हुई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद स्वस्थ बताया।

Jagdeep Dhankhar Health Update: श्रीनाथजी के दर्शन के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुई जांच

राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा में गुरुवार अलसुबह पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन के बाद मंदिर परिसर में उन्हें सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल श्री गोवर्धन राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी स्वास्थ्य जांच की और उन्हें स्वस्थ बताया। इसके बाद धनखड़ ने राहत महसूस की और उदयपुर के लिए रवाना हो गए।

सपरिवार श्रीनाथजी के दर्शन करने पहुंचे थे धनखड़

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ गुरुवार सुबह सपरिवार नाथद्वारा पहुंचे थे। यहां उन्होंने पुष्टिमार्ग की प्रधान पीठ प्रभु श्रीनाथजी की मंगला झांकी के दर्शन किए और परिवार के साथ आशीर्वाद लिया। उन्होंने देश और प्रदेश में खुशहाली, सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।

दर्शन के बाद मंदिर परिसर में ही उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। असहज महसूस करने पर उन्हें तुरंत श्री गोवर्धन राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों की जांच के बाद उन्हें स्वस्थ बताया गया।

मंदिर मंडल ने धनखड़ दंपती का किया सम्मान

श्रीनाथजी के दर्शन के बाद मंदिर मंडल की परंपरा के अनुसार पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस दौरान उन्हें प्रभु श्रीनाथजी का प्रसाद भी भेंट किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, जमादार विठ्ठल सनाढ्य, कैलाश पालीवाल सहित मंदिर के अन्य सेवादार मौजूद रहे।

जिला कलेक्टर और एसपी ने की अगवानी

नाथद्वारा पहुंचने पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार और उपखंड अधिकारी भागीरथ सिंह ने पूर्व उपराष्ट्रपति की अगवानी की।

उल्लेखनीय है कि जगदीप धनखड़ प्रभु श्रीनाथजी के अनन्य भक्त हैं। राज्यपाल और उपराष्ट्रपति के पद पर रहते हुए भी वे कई बार नाथद्वारा पहुंचकर श्रीनाथजी के दर्शन कर चुके हैं।