राजस्थान के इस रेलवे स्टेशन का बदलेगा लुक, 8.66 करोड़ रुपये से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
Raisinghnagar Railway Station का 8.66 करोड़ रुपये से कायाकल्प होगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पार्किंग, डिजिटल स्क्रीन और आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
Raisinghnagar Railway Station: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है। इस परियोजना पर रेलवे प्रशासन करीब 8.66 करोड़ रुपये खर्च करेगा। काम पूरा होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ स्टेशन का स्वरूप भी पूरी तरह बदल जाएगा। खास बात यह है कि स्टेशन को राजस्थानी स्थापत्य कला और शाही हेरिटेज लुक में विकसित किया जाएगा।
प्रवेश और निकास के रास्ते होंगे अलग, बनेगी नई पार्किंग
रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन के भवन और परिसर में कई बड़े बदलाव किए जाएंगे। यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए प्रवेश और निकास के रास्ते अलग-अलग बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्टेशन परिसर में नई बाउंड्री वॉल का निर्माण और सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों की अलग-अलग आधुनिक पार्किंग विकसित की जाएगी। स्टेशन के ब्लॉक ऑफिस और यात्रियों के ठहरने के लिए बने रिटायरिंग रूम को भी नया रूप दिया जाएगा।
इसके साथ ही नए टॉयलेट ब्लॉक, एलईडी लाइटिंग और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। इन सुविधाओं से यात्रियों को स्टेशन परिसर में पहले के मुकाबले अधिक सहूलियत मिलेगी।
Digital Display से मिलेगी ट्रेनों की पूरी जानकारी
स्टेशन पर यात्री सूचना प्रणाली को भी आधुनिक बनाया जाएगा। इसके तहत प्लेटफॉर्म पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, सिंगल और मल्टीलाइन डिस्प्ले के साथ बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
इसके अलावा आधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी दी जाएगी। इससे यात्रियों को अपनी ट्रेन और कोच की स्थिति जानने में आसानी होगी। स्टेशन परिसर में जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियां और बेहतर रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी।
दीवारों पर दिखेगी राजस्थानी संस्कृति की झलक
Raisinghnagar Railway Station के पुनर्विकास में आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय कला और संस्कृति का भी ध्यान रखा जाएगा। स्टेशन की दीवारों पर राजस्थानी शैली की पेंटिंग और आकर्षक कलाकृतियां बनाई जाएंगी। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
इस परियोजना का उद्देश्य स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ उसकी स्थानीय पहचान को भी बनाए रखना है। निर्माण और सौंदर्यीकरण के काम से स्थानीय कारीगरों और मजदूरों को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
परियोजना पूरी होने के बाद रायसिंहनगर रेलवे स्टेशन पहले से अधिक सुविधाजनक और आकर्षक नजर आएगा। इससे क्षेत्र के रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
saloni 