Amit Shah Arunachal Visit:अरुणाचल को आज मिलेंगी दो बड़ी सौगातें, अमित शाह जारी करेंगे विकास का रोडमैप
अमित शाह के अरुणाचल दौरे का आज आखिरी दिन है। इस दौरान वह सहकारी सम्मेलन में शामिल होंगे और NDRF के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को अरुणाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वह एक सहकारी सम्मेलन को संबोधित करेंगे और नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे। सहकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभाल रहे शाह दोरजी खांडू स्टेट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उनके अरुणाचल पहुंचने पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू समेत राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य लोगों ने हवाई पट्टी पर उनका स्वागत किया।
2047 तक सहकारिता विकास का रोडमैप होगा जारी
दौरे से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक, अमित शाह रविवार सुबह सहकारी सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वह 'अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेशन विजन डॉक्यूमेंट 2047' जारी कर राज्य में सहकारिता क्षेत्र के विकास की रूपरेखा पेश करेंगे। कार्यक्रम में सहकारिता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वालों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इसके अलावा शाह 'सरस मेला' का उद्घाटन कर इसकी शुरुआत करेंगे।
NDRF की 12वीं बटालियन को मिलेगा नया परिसर
सहकारी सम्मेलन के बाद अमित शाह होलोंगी पहुंचेंगे। यहां वह NDRF की 12वीं बटालियन के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे। बता दें कि गृह मंत्री शुक्रवार रात अरुणाचल प्रदेश पहुंचे थे। तीन दिवसीय दौरे के कार्यक्रम पूरे करने के बाद वह रविवार शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
सियांग परियोजना को बताया देश के लिए अहम
इससे पहले शनिवार को बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में सुरक्षाकर्मियों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' (SUMP) को राष्ट्रीय महत्व की परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट अरुणाचल प्रदेश के विकास के साथ-साथ देश के रणनीतिक हितों के लिहाज से भी अहम है। शाह ने सियांग घाटी के लोगों को भरोसा दिलाया कि परियोजना को लेकर उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना जाएगा और बातचीत के जरिए उनका समाधान निकाला जाएगा।
बांध परियोजना का विरोध तेज
सियांग परियोजना को लेकर अमित शाह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अरुणाचल प्रदेश में इसका विरोध जारी है। स्थानीय आदि समुदाय के कुछ लोग, खासकर सियांग और अपर सियांग जिलों के निवासी, इस मेगा बांध परियोजना को लेकर अपनी चिंता जता रहे हैं। उनका मानना है कि बांध बनने से पुश्तैनी जमीन और गांवों पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा लोगों को अपनी आजीविका, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान खोने का भी डर सता रहा है।
Falak Abdeen 