दिल्ली पहुंचे बालेंद्र शाह, PM मोदी से सोमवार को होगी अहम बैठक; व्यापार और ऊर्जा पर बनेगी बात
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंच गए हैं। 23 नवंबर को PM मोदी से मुलाकात में व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर चर्चा होगी।
Nepal PM India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार, 22 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा को भारत और नेपाल के रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह बालेंद्र शाह की पहली भारत यात्रा और पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। इससे पहले वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने अमेरिका गए थे।
34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे बालेन शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ 34 सदस्यीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। इसमें नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यनजनकर और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा 52 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर इस यात्रा में हिस्सा ले रहा है। इसका मकसद दोनों देशों के कारोबारियों के बीच संपर्क बढ़ाना और निवेश के नए अवसर तलाशना है।
23 नवंबर को PM मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय बातचीत
भारत दौरे के दौरान बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। वहीं, सोमवार 23 नवंबर को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बातचीत में भारत और नेपाल के संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा होगी। द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज का आयोजन करेंगे।
व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर रहेगा खास फोकस
इस यात्रा में भारत और नेपाल के बीच व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा सहयोग और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है। दोनों देश सड़क, रेल और अन्य संपर्क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ सीमा पार ऊर्जा परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच विकास साझेदारी, जल संसाधन, ऊर्जा और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कई क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का होगा आदान-प्रदान
बालेंद्र शाह की यात्रा के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है। इसके अलावा ऊर्जा और कनेक्टिविटी से जुड़ी कुछ पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने की भी संभावना है। इन पहलों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच विकास और आर्थिक सहयोग को नई गति देना है।
नेपाल-भारत व्यापार मंच से निवेश को मिलेगा बढ़ावा
इस दौरे के दौरान नेपाल-भारत व्यापार मंच का भी आयोजन किया जाएगा। इसके जरिए नेपाल में भारतीय निवेश को प्रोत्साहित करने और दोनों देशों के उद्योगपतियों तथा कारोबारियों को नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का मौका मिलेगा। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने यात्रा से पहले बताया था कि इस दौरे में कई समझौते और परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। ऐसे में यह यात्रा केवल राजनीतिक संवाद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आर्थिक और कारोबारी रिश्तों को भी मजबूत करने का प्रयास करेगी।
भारत-नेपाल संबंधों के लिए क्यों अहम है यह दौरा?
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। दोनों देश व्यापार, ऊर्जा, परिवहन और सीमा पार संपर्क के क्षेत्र में एक-दूसरे के महत्वपूर्ण साझेदार हैं। बालेंद्र शाह की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय राजनीतिक संवाद को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली बैठक और उसमें लिए जाने वाले फैसलों पर दोनों देशों की नजर रहेगी।
saloni 