Kota Accident: खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक में घुसी, 9 की मौत; 8 गंभीर घायल

Kota Accident में खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं की क्रूजर वैन ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की मौत और 8 घायल हुए।

Kota Accident: खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक में घुसी, 9 की मौत; 8 गंभीर घायल

Kota Accident: राजस्थान के कोटा में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। खाटू श्याम मंदिर में दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, क्रूजर वैन में कुल 16 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद वे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतकों में ज्यादातर एक ही परिवार के सदस्य थे। घायलों में भी छोटे बच्चे शामिल हैं।

खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था ट्रक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। मध्य प्रदेश निवासी ट्रक चालक मोहम्मद हारुन वाहन की जांच कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रूजर वैन ट्रक से टकरा गई।

हादसे में ट्रक चालक समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

एक ही परिवार के बताए जा रहे सभी श्रद्धालु

एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, आधी रात के आसपास 16 लोगों को लेकर जा रही क्रूजर वैन शंभूपुरा गांव के पास ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में 9 लोगों की जान चली गई। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालु खाटू श्याम के दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे थे और एक ही परिवार के सदस्य थे।

फिलहाल मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, अस्पताल में भर्ती घायलों का उपचार जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।