Kota Road Accident: खाटूश्यामजी के दर्शन से लौटते वक्त मातम में बदली खुशियां, कोटा हादसे में 9 की मौत
खाटूश्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ रास्ते में ऐसा हादसा हुआ, जिसने खुशियों को मातम में बदल दिया। कोटा में खड़े ट्रक से टेम्पो ट्रैवलर की भीषण टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई।
राजस्थान के कोटा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे श्रद्धालुओं का टेम्पो ट्रैवलर शंभूपुरा के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, 9 घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक यह हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर नाता पुलिस थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुआ। सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से श्रद्धालुओं की क्रूजर गाड़ी टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार बच्चों समेत 9 लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इस हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Falak Abdeen 