तीन बार एशियन पैरा गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट Neeraj Yadav ने की आत्महत्या, जूझ रहे थें मानसिक तनाव से

तीन बार एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले नीरज यादव के निधन की खबर से खेल जगत में शोक है। उनके निधन की परिस्थितियों की जांच से जुड़े विवरण सामने आने का इंतजार है.

तीन बार एशियन पैरा गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट Neeraj Yadav ने की आत्महत्या, जूझ रहे थें मानसिक तनाव से
Image From X Handle

भारतीय खेल जगत से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. देश के जाने-माने पैरा-एथलीट और तीन बार के एशियन पैरा गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता (Gold Medalist) नीरज यादव (Neeraj Yadav) का कथित तौर पर आत्महत्या के कारण निधन हो गया है. वह 42 वर्ष के थे और F55 कैटेगरी में देश का रिप्रेजेंट करते थे. इस अचानक हुई घटना से पूरे खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. 

अस्पताल में मौजूद थे साथी खिलाड़ी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नीरज यादव को कथित तौर पर जहर खाने के बाद अस्पताल ले जाया गया था. उनके निधन की खबर मिलने के बाद पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल और साथी पैरा-एथलीट विपिन कसाना सहित कई अन्य खेल हस्तियां तुरंत अस्पताल पहुँचीं. भारत के मुख्य पैरा-एथलेटिक्स कोच सत्यनारायण ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है. 

कोच सत्यनारायण ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'नीरज ने आत्महत्या कर ली है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसा हुआ. मैं इसके पीछे की सटीक वजह तो नहीं बता सकता, लेकिन एक एथलीट के रूप में हमें जीवन के अच्छे और बुरे दोनों दौर का सामना शांति से करना चाहिए. यह बहुत दुखद है कि उन्होंने इतना आगे बढ़ने के बाद यह कदम उठाया.'

टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद थे मानसिक तनाव में

सूत्रों और रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीरज यादव पिछले कुछ समय से भारी मानसिक तनाव और भावनात्मक उथल-पुथल से गुजर रहे थे. बताया जा रहा है कि जापान के नागोया में होने वाले आगामी एशियाई पैरा खेलों से डोपिंग सस्पेंशन के चलते बाहर होने के कारण वह काफी आहत थे. 

प्रेरणादायक रहा है नीरज यादव का सफर

नीरज यादव की खेल यात्रा संघर्ष और सफलता की एक बेहतरीन मिसाल रही है. महज सात साल की उम्र में उन्हें 'पोस्ट-पोलियो रेसिडुअल पैरालिसिस' (Polio) का पता चला था, जिसके बाद उन्होंने कभी हार नहीं मानी. अपनी शारीरिक चुनौतियों को मात देते हुए उन्होंने शुरुआत में व्हीलचेयर टेनिस खेलना शुरू किया और बाद में पैरा-एथलेटिक्स में कदम रखा, जहाँ उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया. नीरज F55 कैटेगरी में हिस्सा लेते थे, जिसमें सीटिंग फील्ड इवेंट जैसे शॉट पुट, डिस्कस थ्रो और जेवलिन थ्रो शामिल होते हैं.