जालंधर पहुंचे Honey Singh, भाई को गले लगाकार रो पड़े; सामने आया वीडियो
यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित औलक की जालंधर में सड़क हादसे में मौत हो गई. परिवार से मिलने पहुंचे रैपर भाई दिनेश औलक को गले लगाकर भावुक हुए.
जिंदगी में कुछ ऐसे हादसे हो जाते हैं, जो इंसान को अंदर से झकझोर कर रख देते हैं. रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह (Honey Singh) इस समय अपने जीवन के सबसे कठिन और दर्दनाक दौर से गुजर रहे हैं. उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जब एक भीषण सड़क दुर्घटना में उनके भतीजे विदित औलक की अचानक मौत हो गई. इस दुखद खबर के सामने आने के बाद से ही म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है.
जालंधर में परिवार से मिले हनी सिंह
इस दुखद घटना की खबर मिलते ही हनी सिंह तुरंत अपने परिवार को ढांढस बंधाने और सांत्वना देने के लिए जालंधर पहुंचे. इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हनी सिंह अपनी कार से उतरकर सीधे विदित के पिता और अपने भाई दिनेश औलक की तरफ बढ़ते हैं. जैसे ही दोनों आमने-सामने आते हैं, हनी सिंह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाते और दिनेश को कसकर गले लगा लेते हैं. दोनों के बीच का यह इमोशनल पल वहाँ मौजूद हर शख्स को रुला देने वाला था. कुछ देर खुद को संभालने के बाद दिनेश औलक उन्हें अपने साथ घर के अंदर ले जाते हैं. इस कठिन समय में फैंस और कई जाने-माने कलाकार हनी सिंह और उनके परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
Yo Yo Honey Singh Gets Emotional as He Visits Late Nephew Vidit Olak’s Residence #YoYoHoneySingh #HoneySingh #ViditOlak #RIPViditOlak #EmotionalMoment #HoneySinghEmotional https://t.co/86HulnPo06
— Savera Times Himachal (@Savera_HP) November 2, 2026
क्या है पूरा मामला?
विदित औलक, जाने-माने पंजाबी म्यूजिक लेबल 'स्पीड रिकॉर्ड्स' के मालिक दिनेश औलक के बेटे थे. जानकारी के मुताबिक, विदित अपने एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहे थे. उनके साथ उनका दोस्त आरव तलवार भी था (जिनके पिता 'पप्पी स्वीट्स' के मालिक हैं). यह दर्दनाक हादसा देर रात करीब 3 बजे पुलिस लाइन्स इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर हुआ. चश्मदीद और पुलिस के अनुसार, उस समय फॉक्सवैगन कार में कुल 5 लोग सवार थे. कार जब BMC चौक से BSF चौक की तरफ जा रही थी, तभी वह सड़क के बीचों-बीच खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई.
बताया जा रहा है कि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे और कचरा उठाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहीं लावारिस हालत में छोड़ गए थे, जिसके कारण यह भयानक टक्कर हुई. इस हादसे में विदित औलक और आरव तलवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य तीन दोस्त सुरक्षित बच गए और अपने घर लौट आए.
पुलिस और कानूनी प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही बारादरी पुलिस स्टेशन के SHO साहिल चौधरी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे और दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवार इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई या पुलिस केस नहीं करना चाहता था। परिवार की इच्छा का सम्मान करते हुए पुलिस ने सभी लीगल फॉर्मलिटी पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए.

सोशल मीडिया पर बयां किया गम
अपने भतीजे की अचानक हुई इस मौत से यो यो हनी सिंह बुरी तरह टूट गए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने दिल का दर्द बयां करते हुए एक बहुत ही भावुक पोस्ट शेयर किया. हनी सिंह ने लिखा, 'यह मेरे लिए एक बुरा दशक है। अपने भतीजे को खोना बहुत दुख की बात है। भोले नाथ मेहर मेहर.' इसके अलावा, रैपर ने इंस्टाग्राम पर विदित के बचपन की एक पुरानी और प्यारी तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अपने भतीजों के साथ खुशनुमा पल बिताते नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'Rip Puttar (बेटा),” और साथ में विदित को टैग किया.
