5 दिन बाद दिवाली, ट्रेन में सीटें फुल,अब कैसे पहुंचेगा दिल्ली से बिहार जाने वाला हर यात्री

दिवाली से पहले दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में टिकटों की मारामारी है। अगर कन्फर्म टिकट नहीं मिल रही है, तो परेशान न हों। स्पेशल ट्रेन, तत्काल टिकट और आसपास के स्टेशनों के जरिए घर पहुंचने के विकल्प जानें।

5 दिन बाद दिवाली, ट्रेन में सीटें फुल,अब कैसे पहुंचेगा दिल्ली से बिहार जाने वाला हर यात्री

दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घर लौटने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ट्रेन टिकट मिलने की है। दिवाली से पहले ज्यादातर ट्रेनों में सीटें फुल हो जाती हैं और कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट भी काफी लंबी हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में यात्रियों के मन में एक ही सवाल है कि आखिर दिवाली पर घर कैसे पहुंचें? हालांकि, अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इसके अलावा भी दिल्ली से बिहार जाने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। अगर आपको नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रही है, तो दूसरे रास्तों के जरिए भी घर पहुंचने की योजना बना सकते हैं। आइए जानते हैं कि दिवाली से पहले दिल्ली से बिहार जाने के लिए आपके पास कौन-कौन से विकल्प हैं और कैसे आप अपनी यात्रा आसान बना सकते हैं।

वंदे भारत से भी कर सकते हैं पटना का सफर

अगर नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रही है, तो वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन भी आपके लिए एक विकल्प हो सकती है। रेलवे ने नई दिल्ली से पटना के बीच इस विशेष ट्रेन की शुरुआत की है। ट्रेन का नंबर 02252 है। इसमें यात्रियों के लिए चेयर कार और एग्जीक्यूटिव चेयर कार की सुविधा उपलब्ध है। समय की बात करें तो यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 9:30 बजे पटना पहुंचती है। रास्ते में इसका ठहराव अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में होगा। यह स्पेशल ट्रेन 25 नवंबर तक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। ऐसे में पटना और रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों तक जाने वाले यात्री इसमें टिकट की उपलब्धता जरूर चेक कर सकते हैं।

टिकट नहीं मिली? स्पेशल ट्रेन से पहुंचें घर

दिवाली और छठ के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। ये ट्रेनें दिल्ली और आनंद विहार से बिहार के अलग-अलग शहरों के लिए संचालित की जा रही हैं। ऐसे में अगर नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिल रही है, तो स्पेशल ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता जरूर चेक करें। संभव है कि इनमें आपको घर जाने का मौका मिल जाए।

घर जाने की आखिरी उम्मीद, तत्काल टिकट

अगर सामान्य कोटे में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रही है, तो तत्काल टिकट बुक करने की कोशिश कर सकते हैं। तत्काल टिकट यात्रा की तारीख से एक दिन पहले बुक होती है। एसी क्लास के लिए बुकिंग सुबह 10 बजे और नॉन-एसी क्लास के लिए सुबह 11 बजे शुरू होती है। हालांकि, तत्काल में टिकटों की संख्या सीमित होती है, इसलिए बुकिंग शुरू होते ही कोशिश करना बेहतर रहेगा।

एक स्टेशन पर अटके नहीं, आसपास भी तलाशें टिकट

घर के नजदीकी स्टेशन पर टिकट नहीं मिल रही है, तो आसपास के दूसरे स्टेशनों का विकल्प भी देख सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आपको सीवान जाना है और वहां तक की टिकट उपलब्ध नहीं है, तो छपरा, पटना या सोनपुर तक की टिकट तलाश सकते हैं। इन शहरों तक पहुंचने के बाद बस, दूसरी ट्रेन या अन्य साधनों से आगे का सफर पूरा किया जा सकता है। इस तरह एक ही स्टेशन पर निर्भर रहने के बजाय आपके पास घर पहुंचने के कई विकल्प हो सकते हैं।