फरीदाबाद में पार्किंग और कुत्ते के विवाद में मर्डर, पड़ोसी ने Tech Mahindra के पूर्व अधिकारी को मारी 9 गोलियां
फरीदाबाद के सेक्टर 21सी में पार्किंग और कुत्ते को लेकर हुए विवाद में सिंगापुर से दिवाली मनाने आए परमजीत धनखड़ की पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी.
देश की राष्ट्रीय राजधानी से सटे फरीदाबाद के पॉश इलाके सेक्टर 21सी में एक मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक हंसता-खेता परिवार उजड़ गया. दिवाली की छुट्टियों पर अपने वतन और परिवार के बीच खुशियां बांटने आए टेक महिंद्रा के एशिया-पैसिफिक रीजन के पूर्व रीजनल बिजनेस हेड परमजीत धनखड़ की उनके ही पड़ोसी ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना शुक्रवार रात की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी और खौफ पैदा कर दिया है.
सिंगापुर से आए थे परिवार के साथ दिवाली मनाने
मृतक परमजीत धनखड़ सिंगापुर में स्थायी रूप से सेटल थे और वर्तमान में एक प्रतिष्ठित सॉफ्टवेयर कंपनी में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (SVP) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे. वह बीते 5 नवंबर को ही सिंगापुर से अपने परिवार के साथ भारत लौटे थे. इस यात्रा का उद्देश्य बेहद खास था वे परिवार के साथ मिलकर दिवाली का त्योहार मनाने आए थे और इसके बाद आगामी 24 नवंबर को अपने भतीजे की शादी के समारोह में भी शामिल होने वाले थे. लेकिन किसे पता था कि वतन वापसी की यह खुशी कुछ ही दिनों में मातम में बदल जाएगी.
पार्किंग और कुत्ते को लेकर था पुराना विवाद
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी मोहन शर्मा अपने परिवार के साथ उसी इमारत की दूसरी मंजिल पर रहता था, जबकि परमजीत धनखड़ का परिवार ग्राउंड फ्लोर पर निवास करता था. दोनों परिवारों के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार तनाव चल रहा था. इस खूनी रंजिश की मुख्य वजह पार्किंग की जगह और पालतू कुत्ते से जुड़ी थी. आरोपी शर्मा का बेटा अपने पालतू कुत्ते को अक्सर बिल्डिंग के कॉमन पार्किंग एरिया में ही पॉटी करवाता था, जिस पर धनखड़ परिवार ने कई बार कड़ी आपत्ति जताई थी. इस बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी कई बार तीखी नोकझोंक और झगड़े हो चुके थे, जिसमें घटना से चार-पांच दिन पहले हुई एक बड़ी बहस भी शामिल थी.
शुक्रवार रात गाड़ी पार्क करने को लेकर हुआ खूनी संघर्ष
विवाद का यह सिलसिला शुक्रवार की रात अपने चरम पर पहुंच गया. रात के वक्त गाड़ी की पार्किंग को लेकर परमजीत धनखड़ और मोहन शर्मा के बीच एक बार फिर से कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी मोहन शर्मा ने गुस्से में आकर घर के भीतर से परमजीत को बाहर बुलाया. जैसे ही परमजीत बाहर आए, आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। चश्मदीदों और पुलिस रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी शर्मा ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए कम से कम 15 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 9 गोलियां सीधे परमजीत धनखड़ को जा लगीं. इतनी नजदीक से और इतने भारी मात्रा में गोलियां लगने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
वारदात के बाद परिवार समेत फरार हुआ आरोपी, पुलिस की गिरफ्त में
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई (PTI) के मुताबिक, इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मोहन शर्मा तुरंत अपने पूरे परिवार के साथ मौके से फरार हो गया था. घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमें फौरन हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. जांचकर्ताओं को मौके से कारतूस के कई खाली खोखे बरामद हुए हैं. पुलिस ने मृतक परमजीत धनखड़ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भिजवा दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है. इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर से रेजिडेंशियल सोसाइटीज और मोहल्लों में छोटी-छोटी बातों पर बढ़ रहे गुस्से और सहनशक्ति की कमी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
