शरद पवार के अस्पताल से लौटने के बाद क्या फिर एक होगी NCP? 10 तारीख के बाद महाराष्ट्र की सियासत में बड़ा फैसला संभव
महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के विलय की चर्चा तेज है. क्या शरद पवार और अजित पवार फिर साथ आएंगे? जानिए अमित शाह की बैठक और सुप्रिया सुले से जुड़े सियासी संकेत.
महाराष्ट्र की राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संस्थापक शरद पवार इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उनकी सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं से ज्यादा उनके अस्पताल के कमरे में हो रही बैठकों और राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट ने सूबे का सियासी पारा चढ़ा रखा है. पुणे के बाद अब मुंबई के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और वह तेजी से रिकवर कर रहे हैं. इसी बीच, एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से हुई मुलाकात ने राजनीतिक विश्लेषकों और सियासी हलकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
यह मुलाकात ऐसे संवेदनशील समय पर हुई है जब महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. राज्य में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चाएं हैं, सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें हैं, और पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर भी अंदरखाने सुगबुगाहट चल रही है. हालांकि, इन तमाम मुद्दों पर किसी भी बड़े नेता की तरफ से कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है.
प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात और सियासी मायने
बीते गुरुवार को प्रफुल्ल पटेल शरद पवार का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे. मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पटेल ने स्पष्ट किया कि पवार साहब की तबीयत अब काफी बेहतर है. उन्होंने कहा, 'सब ठीक है....वह काफी अच्छे अंदाज में थे। देश और राज्य की राजनीति में क्या चल रहा है, इस पर उनकी पूरी रुचि है और वह लगातार अपडेट ले रहे हैं. हमारी अच्छी बात हुई और मुझे इस बात की खुशी है कि एक-दो दिन में रूटीन जांच पूरी होने के बाद वह घर लौटकर आराम कर सकेंगे.' हालांकि, प्रफुल्ल पटेल ने इस मुलाकात के दौरान किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा होने से साफ इनकार किया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे महज एक शिष्टाचार भेंट मानने से इनकार किया जा रहा है.
अमित शाह से मुलाकात और पार्टी की अंदरूनी बैठकें
इस पूरी चर्चा के केंद्र में कई अन्य कूटनीतिक घटनाएं भी हैं. कुछ दिन पहले ही प्रफुल्ल पटेल समेत एनसीपी (महायुति खेमे वाले गुट) के कई वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. इस बैठक में खास बात यह रही कि इसमें महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार मौजूद नहीं थे, जबकि सुनील तटकरे, दिलीप वलसे पाटिल, हसन मुशरिफ, छगन भुजबल और धनंजय मुंडे जैसे दिग्गज नेता शामिल थे. इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के बाद से ही पार्टी के भीतर नेतृत्व और नेताओं के बीच तनातनी या मतभेद की चर्चाएं तेज हो गईं, हालांकि पार्टी नेता लगातार इन अटकलों को खारिज करते आए हैं. इसके साथ ही, हाल ही में एनसीपी की कोर कमेटी और विधायकों की लगातार बैठकें हुई हैं. मुंबई में हुई इन बैठकों में मंत्रियों समेत करीब 50 विधायक शामिल हुए. पार्टी के मुंबई प्रमुख जीशान सिद्दीकी का कहना है कि इन बैठकों में सभी नेताओं ने सुनेत्रा पवार के नेतृत्व पर अपना पूरा भरोसा जताया है.
'10 तारीख के बाद होगी चर्चा'
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि अस्पताल में शरद पवार ने प्रफुल्ल पटेल से उनकी हालिया दिल्ली यात्रा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक के बारे में भी जानकारी ली. हालांकि, इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है. महायुति के नेताओं का कहना था कि शाह से यह मुलाकात राज्य में गठबंधन के बेहतर समन्वय और प्रशासनिक कामकाज को लेकर थी। चर्चा यह भी है कि पवार ने प्रफुल्ल पटेल से कहा है कि वे 10 तारीख के बाद इस पर विस्तार से चर्चा करेंगे, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि बातचीत का मुख्य मुद्दा क्या होगा.
सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्री बनने की चर्चाएं
इस बीच, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के एक बयान ने राजनीति में नए रंग भर दिए हैं. आठवले ने संकेत दिए हैं कि लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है, और जल्द ही केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है जिसमें कुछ नए चेहरों को जगह मिलने की संभावना है. हालांकि, सुप्रिया सुले की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है; वह फिलहाल पूरी तरह से अपने पिता की सेहत पर ध्यान दे रही हैं और लगातार सोशल मीडिया के जरिए उनके स्वास्थ्य की अपडेट साझा कर रही हैं. केंद्रीय मंत्री आठवले ने यह भी दावा किया था कि शरद पवार ने एनडीए (NDA) में शामिल होने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुद फोन पर शरद पवार से बातचीत कर उनका हाल जाना था. पवार के करीबी विट्ठल मनियार के अनुसार, पीएम मोदी ने पवार से कहा था, 'साहेब, आप पूरी तरह से आराम करें। सुप्रिया अब पूरी तरह तैयार हैं। सुप्रिया और हम मिलकर देश को संभाल लेंगे. कृपया आप चिंता न करें और पूरा आराम करें.'
In the video, Sharad Pawar suggests to Patel that we should sit together after the 10th Sorry to say, but at this stage of his life, Sharad Pawar should step away from everything, relinquish the pursuit of power and devote his remaining years to spiritual contemplation and inner peace. https://t.co/4GaosalKID
— Oxomiya Jiyori ???????? (@SouleFacts) November 6, 2026
क्या फिर एक होगी एनसीपी?
महाराष्ट्र की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यह तैर रहा है कि क्या एनसीपी के दोनों टूटे हुए गुट दोबारा एक होने जा रहे हैं? राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि दोनों गुटों के बीच विलय की प्रक्रिया पर मंथन चल रहा है, हालांकि अभी तक इस पर कोई आम सहमति नहीं बन पाई है और नेता सार्वजनिक रूप से इन खबरों को खारिज कर रहे हैं. 'इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) गुट में अब तक आधिकारिक रूप से विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है. वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी दोनों गुटों को एकजुट कर एनडीए के पाले में मजबूत स्थिति में लाना चाहती है और राजनीतिक संतुलन बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को कैबिनेट में उचित प्रतिनिधित्व दे सकती है. हालांकि, इस दिशा में अभी तक कोई पुख्ता और आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. गौरतलब है कि साल 2023 में अजीत पवार ने बगावत कर पार्टी से अलग राह चुन ली थी और महायुति सरकार में शामिल हो गए थे. अब देखना यह होगा कि शरद पवार के अस्पताल से लौटने और 10 तारीख के बाद आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति क्या नया मोड़ लेती है.
